Breaking News

देव दीपावली पर 2100 स्वदेशी ड्रोन से जगमगाएगा काशी का आसमान, दिखेगी शिव महिमा

– देव दीपावली में आसमान पर दिखेगा शिव तांडव
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
वाराणसी। काशी की विश्व प्रसिद्ध देव दीपावली इस बार आस्था, अध्यात्म और आधुनिक तकनीक के अनूठे संगम की गवाह बनेगी। 24 नवंबर को गंगा घाटों के ऊपर 2100 मेक इन इंडिया ड्रोन 15 मिनट तक भगवान शिव, मां गंगा के अवतरण और काशी की पौराणिक विरासत की भव्य आकृतियां उकेरेंगे। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित इस विशेष ड्रोन शो के जरिए देव दीपावली को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान देने की तैयारी है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में राजघाट से नमो घाट तक आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में थ्री-डी एनिमेशन, थीम संगीत और हिंदी वॉयस ओवर के माध्यम से काशी की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को जीवंत किया जाएगा। ड्रोन शो में 15 विशेष फॉर्मेशन प्रस्तुत किए जाएंगे।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि ड्रोन के माध्यम से भगवान भोलेनाथ, महेश्वर सूत्र, संगीतमय शिव तांडव और मां गंगा के धरती पर अवतरण के आकर्षक दृश्य दिखाए जाएंगे। इसके अलावा श्री काशी विश्वनाथ मंदिर, मां विशालाक्षी और बाबा कालभैरव की दिव्य आकृतियां भी आसमान में नजर आएंगी। प्रस्तुति में उत्तर प्रदेश सरकार और पर्यटन विभाग के लोगो भी प्रदर्शित किए जाएंगे।
अपर मुख्य सचिव पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य अमृत अभिजात ने कहा कि देव दीपावली अब आस्था, संस्कृति और आधुनिक तकनीक के संगम का वैश्विक उत्सव बन चुकी है। 2100 स्वदेशी ड्रोन के जरिए काशी के पौराणिक प्रसंगों को आसमान में जीवंत करने का प्रयास किया जा रहा है। इससे देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को यादगार अनुभव मिलेगा।
बताते चलें की देव दीपावली कार्तिक पूर्णिमा को मनाई जाती है। धार्मिक मान्यता है कि इस दिन देवी-देवता स्वर्ग से उतरकर मां गंगा में स्नान करते हैं। इसी मान्यता के तहत काशी के गंगा घाटों पर लाखों दीप जलाकर दीपदान किया जाता है। इस बार ड्रोन शो इस भव्य आयोजन का विशेष आकर्षण होगा।

Check Also

दस राज्यों के 270 कब-बुलबुल जुटे, लखनऊ में राष्ट्रीय उत्सव का आगाज

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार लखनऊ। ऐशबाग स्थित जिला प्रशिक्षण केंद्र में गुरुवार को राष्ट्रीय …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *