Breaking News

अयोध्या में अखिलेश यादव बोले- प्रेम और समानता से ही मजबूत होगा समाज

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
अयोध्या। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव गुरुवार को सपा नेता और पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय उर्फ पवन पांडेय के पैतृक आवास कृष्णापुर, खानपुर रसूलाबाद में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में शामिल हुए। उन्होंने व्यास पीठ का पूजन कर श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं।
अखिलेश यादव ने कहा कि प्रभु श्रीराम की जन्मस्थली अयोध्या में हरिभक्तों का एक साथ जय राधेश्याम बोलना देश और संस्कृति की खूबसूरती है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के सबसे बड़े त्योहार चुनाव के बीच भागवत कथा का आयोजन समाज को प्रेम, दया और अपनत्व का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि आज समाज अहंकार, सत्ता, जाति, भेदभाव, छुआछूत और ऊंच-नीच जैसे अनेक बंधनों से जूझ रहा है। ऐसे समय में भागवत कथा की प्रासंगिकता और बढ़ जाती है। उनके अनुसार भागवत केवल कथा नहीं, बल्कि मन और मनोबल को मजबूत करने का माध्यम है। श्रीकृष्ण का जीवन प्रेम और समानता का संदेश देता है। प्रेम में छोटा-बड़ा कोई नहीं होता और भेदभाव को समाप्त करना ही कथा की प्रमुख सीख है।
अखिलेश यादव ने कहा कि सत्ता आती-जाती रहती है, लेकिन प्रेम टूटने पर समाज टूट जाता है। उन्होंने संविधान को प्रेम और समानता का आधार बताते हुए उसकी रक्षा की आवश्यकता पर जोर दिया। सुदामा और श्रीकृष्ण की मित्रता का उदाहरण देते हुए उन्होंने इसे सामाजिक समानता और सम्मान की मिसाल बताया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर अयोध्या का विकास अंतरराष्ट्रीय स्तर के शहर के रूप में किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि अधिग्रहण में प्रभावित अयोध्यावासियों को जमीन का बाजार भाव दिया जाएगा और माताओं-बहनों को 40 हजार रुपये दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री को चुनौती देते हुए उन्होंने कहा कि यदि उन्हें अपने दावों पर भरोसा है तो अयोध्या से चुनाव लड़कर दिखाएं।
इस अवसर पर तेज नारायण पांडेय ने अखिलेश यादव के नेतृत्व और सपा सरकार के कार्यों को गिनाया। भागवत कथा में व्यास पीठ पर जगत गुरू डॉ. राघवाचार्य जी महाराज ने श्रद्धालुओं को भागवत गीता का रसपान कराया। इस अवसर पर सांसद अवधेश प्रसाद मौजूद रहे।
भागवत कथा में महंत जनमेजय शरण जी, महंत रामलखन दास, महंत दिलीप दास, महंत मंजू दास, पंड़ित राजेश पाण्डेय, महंत सूर्यभान दास, महंत आनन्द दास, महंत रामदास महाराज, पंड़ित राकेश त्रिपाठी, महंत अवधेश दास, महंत रामदास बालयोगी, महंत मणिराम दास समेत बड़ा संख्या में लोग मौजूद रहे। इस अवसर पर सभी संतो, महंतो ने अखिलेश यादव को माला पहनाकर और गदा भेंटकर विजयी भव का आष्शीर्वाद दिया।

Check Also

पूर्व सीबीआई निदेशक एम. नागेश्वर राव की सक्रिय राजनीति में एंट्री, बने सर्वजन सनातन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार वाराणसी। पूर्व सीबीआई निदेशक एम. नागेश्वर राव ने सक्रिय …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *