वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
केरल/ लखनऊ। केरल की अरुंधति ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर अपने विवाह में शामिल होने और नवदंपती को आशीर्वाद देने का आग्रह किया है। अरुंधति के लिए योगी केवल मुख्यमंत्री नहीं, बल्कि बड़े भाई और प्रेरणास्रोत हैं। बचपन में उनका एक वीडियो देखकर अरुंधति ने सीखा था कि भावुक होना कमजोरी नहीं, बल्कि अपनी भावनाओं को स्वीकार करने का साहस है। अब जीवन के खास मौके पर उन्होंने मुख्यमंत्री को हाथ से लिखा दो पन्नों का पत्र भेजा है।
अरुंधति ने पत्र में बचपन के उस दौर का जिक्र किया है, जब छोटी-छोटी बातों पर भावुक होकर रो पड़ना उन्हें अपनी कमजोरी लगता था। दोस्त भी उन्हें भावनाओं पर काबू रखने की सलाह देते थे। इसी बीच उनके चचेरे भाई ने उन्हें योगी आदित्यनाथ का एक वीडियो दिखाया, जिसमें वह भावुक नजर आ रहे थे। भाई ने समझाया कि भावुक होने के बावजूद मजबूत रहा जा सकता है। इस सीख ने अरुंधति का नजरिया बदल दिया।
अरुंधति के मुताबिक, इस अनुभव ने उन्हें समझाया कि मजबूत होने का अर्थ भावनाओं को छिपाना नहीं, बल्कि कठिन परिस्थितियों में आत्मविश्वास बनाए रखना है। उन्होंने पत्र में लिखा कि जब भी वह खुद पर संदेह करती हैं, मुख्यमंत्री की जीवन यात्रा उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।
अरुंधति और राहुल का विवाह 20 दिसंबर 2026 को केरल के अलुवा स्थित ग्रीन पार्क कन्वेंशन सेंटर में होना है। अरुंधति ने पत्र में लिखा कि वह योगी आदित्यनाथ को हमेशा बड़े भाई की तरह देखती आई हैं। उनकी यात्रा से उन्हें हिम्मत और प्रेरणा मिली है। अरुंधति ने मुख्यमंत्री की व्यस्तताओं को समझते हुए लिखा कि यदि समारोह में पहुंचना संभव न हो तो उनका शुभकामना संदेश और आशीर्वाद भी उनके लिए अनमोल होगा। उनके लिए यह न्योता केवल विवाह का निमंत्रण नहीं, बल्कि वर्षों से संजोए सम्मान और कृतज्ञता की अभिव्यक्ति है।