Breaking News

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा होने तक आंदोलन जारी रहेगा : आराधना मिश्रा

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ/ बहराइच। वोट चोरी के आरोपों के साथ निर्वाचन आयोग से जवाबदेही की मांग को लेकर कांग्रेस ने पुलिस कार्रवाई के विरोध में गुरुवार को पूरे उत्तर प्रदेश में काला दिवस मनाया। राजधानी लखनऊ में प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से जीपीओ स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा तक शांति मार्च निकाला। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर नारेबाजी की।
कांग्रेस का आरोप है कि निर्वाचन आयोग की ओर बढ़ रहे लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी सहित वरिष्ठ नेताओं और इंडिया ब्लॉक के सांसदों के साथ पुलिस ने दुर्व्यवहार और लाठीचार्ज किया। इसी के विरोध में प्रदेशभर में प्रदर्शन आयोजित किए गए।
लखनऊ में मार्च को आगे बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस ने सुन्नी वक्फ बोर्ड के पास बैरिकेडिंग की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुई। इसके बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सहित कई कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए। पुलिस ने बल प्रयोग कर मोना मिश्रा सहित प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया और बसों से ईको गार्डन ले गई। कांग्रेस के अनुसार रास्ते में दो बार बस खराब होने से कार्यकर्ताओं को परेशानी हुई। पुलिस लाइन में भी बिजली और पंखों की व्यवस्था नहीं होने का आरोप लगाया गया।
आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते, आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि देश का संविधान और लोकतंत्र खतरे में है। भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि सरकार अहिंसक प्रतिरोध से भी डर रही है।
प्रदर्शन में महिलाओं की भी बड़ी संख्या रही। कांग्रेस का दावा है कि धक्का-मुक्की के दौरान प्रदेश अध्यक्ष समेत कई महिला कार्यकर्ताओं को चोटें आईं।
अन्याय के खिलाफ आवाज़ बुलंद रहेगी, संघर्ष जारी रहेगा : कमला सोनी
बहराइच में काला दिवस के रूप में जोरदार विरोध प्रदर्शन हुआ। “ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो” के नारों के साथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में कमला सोनी, हलीम अहमद, आरती देवी, शिव शंकरिया, राजन शर्मा, डॉ. तिवारी सहित बड़ी संख्या में साथी एवं कार्यकर्ता शामिल रहे। लखनऊ के अलावा प्रदेश के विभिन्न जिलों और ब्लॉकों में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर विरोध दर्ज कराया।

Check Also

शिक्षा क्षेत्र में 17,059 पदों पर भर्ती, योगी सरकार के एक लाख रोजगार लक्ष्य में अहम हिस्सेदारी

´uवेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। प्रदेश के युवाओं को सरकारी रोजगार के अधिक …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *