Breaking News

प्रधानमंत्री की 25 वर्षों की जनसेवा यात्रा राष्ट्रसेवा और सुशासन की प्रेरणा : केशव प्रसाद मौर्य

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ/प्रयागराज। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ के तहत प्रयागराज में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सहभागिता की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्बोधन को वर्चुअल माध्यम से सुना। इसके बाद उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री की 25 वर्षों की जनसेवा यात्रा को राष्ट्रहित, जनकल्याण और सुशासन के प्रति निरंतर समर्पण की प्रेरणादायी यात्रा बताया।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में देशवासियों के बीच विश्वास कायम किया है। उनकी कार्यशैली, संवेदनशीलता और जनसेवा के संकल्प ने उन्हें जन-जन से जोड़ा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने देशहित में जो लक्ष्य निर्धारित किए हैं, उन्हें प्रत्येक नागरिक को अपना संकल्प बनाकर आगे बढ़ाना चाहिए।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में गरीबों को आवास, उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन, हर घर नल से जल, बिजली, बैंक खाते और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचा है। किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास लगातार जारी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत का संकल्प देश के सामने रखा है। उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार इन संकल्पों को धरातल पर उतार रही है। प्रदेश में कानून-व्यवस्था, निवेश, रोजगार, महिला सशक्तीकरण और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में परिवर्तन हुआ है।
मौर्य ने कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएं और पात्र लाभार्थियों को उनका लाभ दिलाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। इस अवसर पर सांसद प्रवीण पटेल सहित विधायक, विधान परिषद सदस्य, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Check Also

शिक्षा क्षेत्र में 17,059 पदों पर भर्ती, योगी सरकार के एक लाख रोजगार लक्ष्य में अहम हिस्सेदारी

´uवेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। प्रदेश के युवाओं को सरकारी रोजगार के अधिक …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *