– बेहतर प्रदर्शन करने वाले जनपद, विकास खंड एवं ग्राम पंचायतें होंगी सम्मानित
– 12 अक्टूबर को प्रदेशभर में आयोजित होगा ‘विशेष रोजगार सृजन दिवस’
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने 12 अक्टूबर को प्रदेशभर में विशेष रोजगार सृजन दिवस आयोजित कर लक्ष्य से अधिक मानव दिवस सृजित करने और नया रिकॉर्ड बनाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बेहतर प्रदर्शन करने वाले जनपदों, विकास खंडों एवं ग्राम पंचायतों को सम्मानित करने की घोषणा भी की।
शनिवार को लखनऊ स्थित अपने कैम्प कार्यालय, 7-कालिदास मार्ग से ग्राम्य विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और सभी मुख्य विकास अधिकारियों के साथ वर्चुअल समीक्षा बैठक में उप मुख्यमंत्री ने अभियान की तैयारियों एवं प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि रोजगार सृजन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और श्रमिकों को उनकी मांग के अनुरूप समय से काम उपलब्ध कराया जाए।
मौर्य ने कहा कि वीबी-जी राम जी योजना के तहत ग्रामीण परिवारों के वयस्क सदस्यों को एक वित्तीय वर्ष में 125 दिन तक अकुशल श्रम रोजगार उपलब्ध कराने के साथ टिकाऊ और जनोपयोगी परिसंपत्तियों का निर्माण किया जाना है। इसके लिए ग्राम पंचायतों में पर्याप्त कार्य स्वीकृत कर समय से शुरू किए जाएं। कार्यस्थलों पर रोजगार उपलब्ध कराने से पहले वर्क आईडी, जियो टैगिंग, प्राक्कलन और पोर्टल संबंधी औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने ई-मस्टर रोल समय से जारी करने, श्रमिकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने और पारिश्रमिक का भुगतान समय पर कराने पर जोर दिया। जॉब कार्ड, उपस्थिति एवं अन्य शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने तथा अनियमितता मिलने पर कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
उप मुख्यमंत्री ने ग्राम चौपालों के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याएं दूर करने, पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजनाओं का लाभ दिलाने और आवास लाभार्थियों को स्वयं सहायता समूहों से जोड़कर आजीविका के अवसर बढ़ाने को कहा। अभियान की निगरानी के लिए अधिकारियों को कार्यस्थलों का निरीक्षण करने तथा फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी और ड्रोन के माध्यम से कार्यों का अभिलेखीकरण कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों की सहभागिता और व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करते हुए उत्कृष्ट कार्य करने वाली इकाइयों को सम्मानित करने की बात कही।