Breaking News

एनबीआरआई के वैज्ञानिक डॉ. विजय वाघ लंदन की प्रतिष्ठित लिनियन सोसाइटी के फेलो चयनित

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। भारतीय वनस्पति विज्ञान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी पहचान मिली है। लखनऊ स्थित सीएसआईआर-राष्ट्रीय वनस्पति अनुसंधान संस्थान (एनबीआरआई) के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. विजय विष्णु वाघ को यूनाइटेड किंगडम की प्रतिष्ठित लिनियन सोसाइटी ऑफ लंदन का फेलो चुना गया है। 15 अक्टूबर 2026 को उनके चयन की औपचारिक पुष्टि की गई। उन्हें यह सम्मान पादप वर्गीकरण, सिस्टेमेटिक्स और जैव विविधता संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय वैज्ञानिक योगदान के लिए मिला है।
वर्ष 1788 में स्थापित लिनियन सोसाइटी ऑफ लंदन दुनिया की सबसे पुरानी सक्रिय जैविक सोसाइटी है। यह संस्था प्राकृतिक इतिहास और जैविक विज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले वैज्ञानिकों को सम्मानित करती है। डॉ. वाघ का इस प्रतिष्ठित फेलोशिप के लिए चयन भारतीय वनस्पति अनुसंधान की वैश्विक स्वीकार्यता को भी दर्शाता है। पादप वर्गीकरण के माध्यम से विभिन्न वनस्पति प्रजातियों की पहचान और उनका वैज्ञानिक दस्तावेजीकरण किया जाता है। वहीं, सिस्टेमेटिक्स के अध्ययन से पौधों की प्रजातियों के बीच विकासवादी संबंधों को समझने में मदद मिलती है। जैव विविधता के संरक्षण और पादप संसाधनों के सतत उपयोग में भी इन शोध क्षेत्रों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
डॉ. वाघ की इस उपलब्धि पर सीएसआईआर-एनबीआरआई और सीएसआईआर-आईआईआईएम के निदेशक डॉ. ज़बीर अहमद ने प्रसन्नता जताते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सम्मान डॉ. वाघ के वैज्ञानिक समर्पण और संस्थान में हो रहे उच्चस्तरीय शोध की अंतरराष्ट्रीय प्रासंगिकता का प्रमाण है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि यह उपलब्धि युवा शोधकर्ताओं को वनस्पति विज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्ट शोध और जैव विविधता संरक्षण के लिए प्रेरित करेगी। इस सम्मान से भारतीय वैज्ञानिकों और सीएसआईआर-एनबीआरआई की अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा को नई मजबूती मिली है।

Check Also

कोहरे में यमुना एक्सप्रेसवे पर अब 75 की रफ्तार से दौड़ेंगे वाहन

– 25 नवंबर से 15 फरवरी तक लागू रहेगी नई गति सीमा, फॉग लाइट और …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *