– अतिरिक्त बिजनेस प्लान के तहत 2026-27 में 4,000 करोड़ से अधिक के कार्य प्रस्तावित, 12,528 ट्रांसफार्मर उपकेंद्रों की भी बढ़ेगी क्षमता
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए योगी सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के अतिरिक्त बिजनेस प्लान के तहत प्रदेश में 95 नए 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र बनाए जाएंगे। इसके साथ ही 302 मौजूदा उपकेंद्रों और 12,528 वितरण ट्रांसफार्मर (डीटी) उपकेंद्रों की क्षमता बढ़ाई जाएगी। योजना का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति को अधिक सुचारु और गुणवत्तापूर्ण बनाना है।
ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में तैयार इस कार्ययोजना की जानकारी प्रमुख सचिव ऊर्जा एवं यूपी पावर कॉरपोरेशन के अध्यक्ष रणवीर प्रसाद ने दी। उन्होंने बताया कि 95 नए विद्युत उपकेंद्रों के निर्माण पर 221.01 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। मौजूदा 302 उपकेंद्रों की क्षमता वृद्धि के लिए 76.64 करोड़ और 12,528 डीटी उपकेंद्रों के सुदृढ़ीकरण के लिए 746.68 करोड़ रुपये प्रस्तावित हैं।
योजना के तहत 33 केवी की नई लाइनों और बे निर्माण के 638 कार्यों पर 748.62 करोड़ रुपये खर्च होंगे। वहीं, 33 केवी लाइनों के सुदृढ़ीकरण के 949 कार्यों के लिए 400.73 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा 11 केवी विद्युत लाइनों के निर्माण और विभक्तिकरण के 32,354 कार्यों पर 780.44 करोड़ रुपये खर्च करने का प्रस्ताव है। 33 केवी लिंक लाइनों और बे निर्माण के 339 कार्यों पर 93.29 करोड़, औद्योगिक फीडरों के 134 कार्यों पर 41.99 करोड़ और 33 केवी लाइन क्रॉसिंग के 390 कार्यों पर 28.94 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
रणवीर प्रसाद ने कहा कि बढ़ती बिजली मांग को देखते हुए यह कार्ययोजना तैयार की गई है। इसके क्रियान्वयन से वितरण नेटवर्क की क्षमता बढ़ेगी, तकनीकी बाधाएं कम होंगी और उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली आपूर्ति मिल सकेगी। योजना में पूर्वांचल, मध्यांचल, दक्षिणांचल, पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगमों और केस्को की जरूरतों का भी ध्यान रखा गया है।