– डीजीपी उमेश मिश्रा ने बताया कि महिला के ससुराल वाले उसे अगवा कर अपने गांव ले गए थे और वारदात को अंजाम दिए। ससुराल वाले पीड़िता से नाराज थे, क्योंकि वह किसी दूसरे पुरुष के साथ रह रही थी।
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार वर्मा
नई दिल्ली 2 सितम्बर। राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले के धरियावद में 21 साल की एक आदिवासी महिला को कथित तौर पर निर्वस्त्र घुमाए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आयी है। पुलिस ने इस मामले में उसके पति समेत आठ लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस महानिदेशक उमेश मिश्रा ने बताया कि 10 लोगों को नामित किया गया है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए सरकार से महिला को त्वरित न्याय देने की अपील की है।
प्रियंका गांधी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा महिलाओं के खिलाफ अपराध की घटनाओं में त्वरित न्याय दिलाना अति आवश्यक है। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई करते हुए अपराधियों को जल्द सजा दिलाई जानी चाहिए। राज्य सरकार ने फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर आरोपियों को सजा दिलाने की घोषणा की है। प्रियंका ने आगे कहा- आशा है कि इस नृशंस घटना को अंजाम देने वालों को सख्त सजा मिलेगी और पीड़िता को जल्द से जल्द न्याय मिलेगा।
वहीं मणिपुर की घटना पर चुप रहने वाली भाजपा ने इस घटना को लेकर सरकार पर जोरदार हमला बोला है। अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा राजस्थान में शासन नाम की कोई चीज नहीं है। मुख्यमंत्री और उनके सहयोगी आपसी झगड़े में व्यस्त हैं। नड्डा ने आगे कहा कि प्रदेश में शासन व्यवस्था नदारद है। आए दिन महिलाओं के उत्पीड़न की कोई न कोई घटना सामने रही है। सूबे में महिला सुरक्षा के मुद्दे को पूरी तरह से नजरअंदाज किया जा रहा है। जनता राज्य सरकार को सबक सिखाएगी।