वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। समाजवादी पार्टी में विभिन्न दलों के नेताओं के शामिल होने का सिलसिला जारी है। गुरुवार को पूर्व मंत्री राम आसरे कुशवाहा समेत कई नेताओं ने अपने समर्थकों के साथ सपा की सदस्यता ग्रहण की। राम आसरे कुशवाहा करीब 13 वर्ष बाद सपा में वापस लौटे हैं।
सपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में अलीगढ़ के बरौली से विजय कुमार सिंह, कन्नौज के अंशु दुबे और अनूप कश्यप, गोरखपुर के मनोज कुमार निषाद, अविनाश निषाद, शिव प्रसाद निषाद, आसिक अली और पूर्व मंडल अध्यक्ष आशीष पाल भी पार्टी में शामिल हुए। मथुरा के राष्ट्रीय लोक दल नेता और पूर्व प्रत्याशी अशोक कुमार अग्रवाल, फतेहपुर के बसपा नेता कौशल किशोर पटेल व उदय शंकर पटेल सहित अन्य नेताओं ने भी सपा की सदस्यता ली।
इसके अलावा यूपी लेखपाल संघ के अध्यक्ष राजकुमार सागर, बसपा के पूर्व उपाध्यक्ष आरिफ खां, बसपा मंडल अध्यक्ष हारून खां, एआईएमआईएम के पूर्व जिलाध्यक्ष सबी अली खान, पूर्व जिला महासचिव रईस अधिवक्ता तथा अपना दल के कानपुर देहात जिलाध्यक्ष रवि पटेल ने भी अपने समर्थकों के साथ सपा का दामन थामा।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि इनके आने से पार्टी और पीडीए की ताकत मजबूत होगी। उन्होंने सभी नेताओं से अपने-अपने कस्बों, नगरों, बूथों और आसपास के क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। पार्टी की ओर से बताया गया कि शामिल हुए नेताओं ने 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा की सरकार बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में तिर्वा विधानसभा अध्यक्ष शरद यादव, प्रयागराज की पूजा मिश्रा, गोरखपुर के जिला उपाध्यक्ष संतोष कुमार यादव और कानपुर देहात के काशिफ खान समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।