Breaking News

नारी शक्ति के सम्मान पर राहुल गांधी को लेकर योगी का निशाना, बोले- भ्रम और अराजकता फैलाना लक्ष्य

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
ग्रेटर नोएडा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को ‘प्रेरणा विमर्श-2026’ के समापन समारोह में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी पर निशाना साधा। राहुल गांधी का नाम लिए बिना मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘कांग्रेस के युवराज’ का आचरण नारी शक्ति का अपमान है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों से देश को उम्मीद छोड़ देनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि समाज में भ्रम पैदा कर अव्यवस्था और अराजकता फैलाना विपक्ष का लक्ष्य है।
हामिद अंसारी के वक्तव्य का उल्लेख करते हुए योगी ने कहा कि संवैधानिक पद पर रहे व्यक्ति से पद की गरिमा के अनुरूप आचरण की अपेक्षा होती है। उन्होंने कहा कि भारत की समदृष्टि को समझा जाता तो भारतीयता और हिंदू दृष्टि को लेकर इस तरह की टिप्पणी नहीं की जाती।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नारी सशक्तीकरण केवल भाषणों से नहीं, बल्कि योजनाओं और अवसरों के माध्यम से होगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश में महिला पुलिसकर्मियों की संख्या 2017 में करीब 10 हजार से बढ़कर 44 हजार हो गई है और अगले तीन-चार महीने में यह 50 हजार से अधिक हो जाएगी। महिला कार्यबल की भागीदारी भी 12 प्रतिशत से बढ़कर 36-37 प्रतिशत होने का दावा उन्होंने किया। योगी ने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में 9.5 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है। प्रदेश की 96 लाख एमएसएमई इकाइयों में सवा तीन करोड़ लोग कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि यूपी में स्टार्टअप की संख्या 120 से कम से बढ़कर 24 हजार से अधिक हो गई है, जिनमें करीब आधे महिलाओं द्वारा संचालित हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था, प्रति व्यक्ति आय और बजट में करीब तीन गुना वृद्धि हुई है। उन्होंने यूपी को रेवेन्यू सरप्लस राज्य बताते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था में सुधार और निवेश से रोजगार के नए अवसर बढ़े हैं। कार्यक्रम में आरएसएस के अखिल भारतीय प्रचारक प्रमुख स्वांत रंजन समेत विभिन्न शिक्षाविद, सामाजिक कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Check Also

निष्पक्ष भर्ती से पूरा हुआ खाकी वर्दी का सपना, नियुक्ति पत्र पाकर खिले अभ्यर्थियों के चेहरे

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES