Breaking News

हर विधानसभा में होगा ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ का मंचन, मोदी की 25 साल की यात्रा दिखेगी

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने रविवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में प्रेस वार्ता में बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और सेवा यात्रा को नाट्य मंचन व नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। अभियान के दौरान प्रदेश में 403 से अधिक नाट्य मंचन का लक्ष्य रखा गया है।
ब्रजेश पाठक ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से सेवा, सुशासन, अंत्योदय और राष्ट्र निर्माण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ के तहत प्रधानमंत्री के गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री बनने तक के सार्वजनिक जीवन की यात्रा, जनकल्याण से जुड़े प्रयास और सुशासन से जुड़े प्रसंगों को संवाद, अभिनय और संगीत के जरिए प्रस्तुत किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में हजारों स्थानों पर नुक्कड़ नाटक भी आयोजित किए जाएंगे। स्कूल, कालेज, पंचायत, सामुदायिक केंद्र और अन्य सार्वजनिक स्थलों को कार्यक्रमों से जोड़ा जाएगा। विभिन्न सामाजिक संगठन भी अलग-अलग स्थानों पर प्रस्तुतियां देंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य ऐसे प्रसंगों को सामने लाना है, जिन्हें पार्टी के अनुसार प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन में महत्वपूर्ण होने के बावजूद अपेक्षाकृत कम चर्चा मिली।
अभियान के तहत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों को सरल और संगीतमय स्वरूप दिया गया है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार प्रत्येक जनपद में सांस्कृतिक टोलियां गठित कर स्थानीय कलाकारों, विद्यार्थियों और शिक्षकों की सहभागिता भी सुनिश्चित की जा रही है। ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ को सेवा संकल्प अभियान के प्रमुख कार्यक्रमों में शामिल किया गया है, जो 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा।

Check Also

सत्यनिष्ठा से समृद्धि का संकल्प, सीबीसी के अधिकारियों-कर्मचारियों ने ली शपथ

– क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी जय सिंह ने वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की प्रतिज्ञा …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *