वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल की ओर से बाराबंकी जंक्शन स्टेशन पर मंगलवार को विशेष टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक समर्थ गुप्ता के निर्देशन और सहायक वाणिज्य प्रबंधक कृष्ण कांत यादव के नेतृत्व में चले अभियान में बिना टिकट और अनियमित टिकट पर यात्रा करने वाले यात्रियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
अभियान में 14 टिकट चेकिंग कर्मचारियों के साथ तीन आरपीएफ कर्मियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। टीम ने बाराबंकी जंक्शन पर विभिन्न ट्रेनों में यात्रियों के टिकटों की जांच की। इस दौरान गाड़ी संख्या 13010, 15065, 12597, 15023 और 13307 में विशेष रूप से टिकट जांच की गई।
जांच के दौरान कुल 187 मामले पकड़े गए। अनियमित और बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों से रेलवे नियमों के तहत कुल 1,75,195 रुपये की वसूली की गई। रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों को वैध टिकट लेकर ही यात्रा करने की सलाह दी है।
उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल की ओर से यात्रियों से अपील की गई है कि यात्रा से पहले उचित और वैध टिकट अवश्य प्राप्त करें तथा रेलवे के सभी नियमों का पालन करें। अधिकारियों के अनुसार बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह के विशेष जांच अभियान चलाए जाएंगे। रेलवे का कहना है कि टिकट जांच अभियानों का उद्देश्य यात्रियों को नियमों के प्रति जागरूक करने के साथ बिना टिकट यात्रा पर प्रभावी अंकुश लगाना है। अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे रेलवे की सुविधाओं का जिम्मेदारी से उपयोग करें और वैध टिकट के साथ ही यात्रा करें, ताकि जांच के दौरान किसी तरह की असुविधा से बचा जा सके।