वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान (आरएमएलआईएमएस) के कॉलेज ऑफ नर्सिंग में विश्व स्तनपान सप्ताह-2026 का शुभारंभ गुरुवार को शैक्षणिक भवन के लेक्चर थिएटर-5 में आयोजित समारोह के साथ हुआ। कार्यक्रम का आयोजन कॉलेज ऑफ नर्सिंग ने इंडियन एसोसिएशन ऑफ नियोनेटल नर्सेस तथा संस्थान के आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ के सहयोग से किया। इस वर्ष विश्व स्तनपान सप्ताह की थीम “जीवन की सतत एवं स्वस्थ शुरुआत के लिए स्तनपान: जो प्रभावी है, उसे और सशक्त बनाएं” रखी गई है।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। इस अवसर पर संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) सी.एम. सिंह, अधिष्ठाता प्रो. (डॉ.) सिंह, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रो. (डॉ.) विक्रम सिंह, कॉलेज ऑफ नर्सिंग के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) शिवकुमार मुदगल तथा उप-प्राचार्य प्रो. निपिन कलाल सहित संस्थान के वरिष्ठ चिकित्सक, संकाय सदस्य और नर्सिंग विद्यार्थी मौजूद रहे।
मुख्य अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि नवजात शिशु को जन्म के पहले घंटे के भीतर स्तनपान कराना उसके स्वस्थ जीवन की सबसे महत्वपूर्ण शुरुआत है। उन्होंने पहले छह माह तक केवल मां का दूध देने तथा उसके बाद पूरक आहार के साथ दो वर्ष या उससे अधिक समय तक स्तनपान जारी रखने की आवश्यकता पर जोर दिया। वक्ताओं ने कहा कि स्तनपान न केवल शिशु की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाता है, बल्कि मां के स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत लाभकारी है। उन्होंने समाज में स्तनपान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और इससे जुड़े मिथकों को दूर करने की आवश्यकता बताई।
इस दौरान सप्ताहभर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा भी प्रस्तुत की गई। चार अगस्त को प्रतियोगिता, पांच अगस्त को जिंगल प्रतियोगिता, छह अगस्त को आरपीजी अस्पताल में स्तनपान के महत्व पर रोल प्ले तथा सात अगस्त को विशेषज्ञ व्याख्यान एवं समापन समारोह आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम का संचालन सहायक प्राध्यापक श्रीमती लीना प्रविल जॉन ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रो. निपिन कलाल ने दिया। चाइल्ड हेल्थ नर्सिंग विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संकाय सदस्यों, नर्सिंग विद्यार्थियों और अन्य प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।