वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। 69000 शिक्षक भर्ती में आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों ने रविवार को राजधानी लखनऊ में बसपा सुप्रीमो मायावती के आवास के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। अभ्यर्थी भर्ती प्रक्रिया में आरक्षण से जुड़ी विसंगतियों को लेकर नाराज थे और उन्होंने मायावती से मुलाकात कर अपने पक्ष में समर्थन देने की मांग की।
मॉल एवेन्यू स्थित मायावती के आवास के बाहर बड़ी संख्या में अभ्यर्थी एकत्र हुए और नारेबाजी करते हुए “आरक्षण बचाओ” तथा “हमारा हक दो” जैसे नारे लगाए। प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा कारणों से पुलिस और सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें गेट के पास ही रोक लिया। इसके बावजूद अभ्यर्थी अपनी मांगों पर अड़े रहे और बसपा सुप्रीमो से मिलने की जिद करते रहे। अभ्यर्थियों का कहना था कि 69000 शिक्षक भर्ती में आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों के साथ भेदभाव हुआ है और आरक्षण के नियमों का पालन नहीं किया गया। उन्होंने मांग की कि मायावती इस मामले में आगे आकर उनके हक की लड़ाई लड़ें, ताकि न्याय मिल सके।
इस दौरान कुछ देर के लिए सड़क पर आवागमन प्रभावित हुआ, हालांकि पुलिस ने समझाने-बुझाने के बाद स्थिति को नियंत्रित कर लिया। प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो वे आगे और बड़े आंदोलन की रूपरेखा तैयार करेंगे।