वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को लोक भवन में उत्तर प्रदेश पुलिस में कुशल खिलाड़ी कोटे के तहत चयनित 470 खेल प्रतिभाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब सरकारी नियुक्तियों में किसी परिवार या सिफारिश का कब्जा नहीं है। खिलाड़ियों को उनकी प्रतिभा, परिश्रम और पसीने के आधार पर अवसर मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले नौकरी के लिए ‘सैफई या सिफारिश’ की जरूरत पड़ती थी। उन्होंने मौजूदा एनडीए सरकार को ‘नौकरी देंगे एलायंस’ बताया। उन्होंने कहा कि नियुक्ति पत्र सरकार की कृपा नहीं, बल्कि खिलाड़ियों के परिश्रम की कीमत है। मुख्यमंत्री के अनुसार वर्ष 2017 से पहले खिलाड़ियों को पुलिस और अन्य विभागों में सीधी भर्ती का प्रावधान नहीं था। उनकी सरकार ने यह व्यवस्था शुरू की और अब तक करीब 1000 खिलाड़ियों को सीधी भर्ती से नियुक्ति दी जा चुकी है। 470 नवनियुक्त खिलाड़ियों में 303 पुरुष और 167 महिलाएं शामिल हैं। इनमें आरक्षी नागरिक पुलिस के 295, उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस के 63 और आरक्षी पीएसी के 132 खिलाड़ी हैं।
योगी ने कहा कि खिलाड़ियों को जर्सी से वर्दी की यात्रा में खेल मैदान वाला अनुशासन, टीम भावना और समर्पण बनाए रखना होगा। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और खेलों को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। कहा कि रील में लाइक्स मिलते हैं, जबकि खेल के मैदान में लाइफ मिलती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने ओलंपिक, कॉमनवेल्थ और एशियाई खेलों में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के साथ कई प्रतिभाओं को पुलिस में उच्च पदों पर नियुक्ति दी है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के पदक विजेता खिलाड़ियों को अब तक 200 करोड़ रुपये से अधिक की प्रोत्साहन राशि दी जा चुकी है। उन्होंने खिलाड़ियों से नए कीर्तिमान स्थापित कर प्रदेश और देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।