वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
फतेहपुर। महाराजा कंसा पासी के ऐतिहासिक किले और आराध्य भगवान शिव के मंदिर के संरक्षण एवं सुरक्षा की मांग को लेकर लाखन आर्मी का जनजागरण अभियान गुरुवार को फतेहपुर पहुंचा। खागा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में संगठन के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष सूरज पासी ने समाज को इतिहास और विरासत से जुड़ने के साथ एकजुट होकर सामाजिक विकास की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया।
सूरज पासी ने कहा कि पासी समाज का इतिहास वीरता और संघर्ष से भरा है। महाराजा सुहेलदेव पासी, महाराजा कंसा पासी, महाराजा बिजली पासी और महाराजा लाखन पासी जैसे ऐतिहासिक व्यक्तित्वों के योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि अपने इतिहास की जानकारी समाज में आत्मविश्वास और एकता की भावना पैदा करती है। उन्होंने कहा कि समाज को अपनी ताकत पहचानकर शिक्षा, संगठन और सामाजिक विकास पर ध्यान देना चाहिए। छोटे-छोटे विवादों में उलझने के बजाय सामूहिक हितों के लिए काम करने की जरूरत है। युवाओं को हुनर और बच्चों को शिक्षा से जोड़ना सामाजिक प्रगति का आधार बनेगा। सूरज पासी ने चुनाव के दौरान मिलने वाले प्रलोभनों से बचने की अपील करते हुए कहा कि समाज को तत्काल लाभ के बजाय बच्चों के भविष्य और दीर्घकालिक विकास को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पासी समाज से जुड़ी ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण का मुद्दा लगातार उठाया जाएगा।
उन्होंने महाराजा कंसा पासी के किले और भगवान शिव मंदिर की सुरक्षा एवं संरक्षण की मांग को लेकर अभियान जारी रखने की बात कही। सूरज पासी ने कहा कि लाखन आर्मी का जनजागरण अभियान किसी एक जिले तक सीमित नहीं रहेगा। संगठन गांव-गांव पहुंचकर समाज को इतिहास, विरासत और सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरूक करेगा। उन्होंने समाज के लोगों से आपसी मतभेद भुलाकर शिक्षा, एकता और विकास के लिए साथ आने का आह्वान किया।