वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को जनता दर्शन में विभिन्न जिलों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि छोटी घटनाओं को नजरअंदाज न किया जाए। जिलाधिकारी और एसपी हर छोटी घटना पर स्वयं नजर रखें और सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचकर पीड़ितों की सुनवाई करें। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि छोटी-छोटी घटनाओं में उदासीनता और लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज में वैमनस्य फैलाने वाले लोग मामूली घटनाओं को बड़ा बनाने का प्रयास करते हैं। ऐसे मामलों में प्रशासन और पुलिस समय पर कार्रवाई कर स्थिति को नियंत्रित करें। दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए प्रकरण का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जनता दर्शन में मुख्यमंत्री प्रत्येक फरियादी के पास पहुंचे और उनकी शिकायतें सुनीं। पुलिस और राजस्व से संबंधित शिकायतों की अधिकता पर उन्होंने अधिकारियों को विशेष रूप से संवेदनशीलता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पीड़ित की संतुष्टि सरकार की शीर्ष प्राथमिकताओं में है। पुलिस कमिश्नर, एडीजी, आइजी, डीआइजी और एसएसपी स्तर के अधिकारी नियमित रूप से जनसमस्याओं की समीक्षा करें। मातहतों की लापरवाही सामने आने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक अधिकारियों को पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने, मरीजों के उपचार की व्यवस्था कराने तथा भूमाफिया और दबंगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों का शीघ्र निस्तारण करने को कहा। जनता दर्शन में मां के साथ आए एक बच्चे से मुख्यमंत्री ने पढ़ाई के बारे में पूछा और उसे चॉकलेट दी। बच्चे ने चॉकलेट वापस करने से मना कर दिया, जिस पर सभागार में हंसी का माहौल बन गया। मुख्यमंत्री ने बच्चे को मन लगाकर पढ़ने का आशीर्वाद दिया।