वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे को सीधे कानपुर से जोड़ने की तैयारी शुरू हो गई है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने इसके लिए सर्वे शुरू करा दिया है। एक्सप्रेसवे के पूर्वी और पश्चिमी हिस्से के संभावित कनेक्शन का सर्वे निजी कंपनी के माध्यम से कराया जा रहा है। इसके अलावा चकेरी-सरसौल के बीच प्रयागराज छह लेन हाईवे से एक्सप्रेसवे को जोड़ने के विकल्प पर भी विचार किया जा रहा है।
वर्तमान में लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे से प्रतिदिन करीब 13 से 14 हजार वाहन गुजर रहे हैं। एक्सप्रेसवे के जरिये लखनऊ से कानपुर पहुंचने में करीब 45 मिनट का समय लग रहा है। हालांकि कानपुर की ओर आगे बढ़ने पर जाजमऊ पुल और हाईवे पर लगने वाले जाम के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। सीधे कनेक्शन की सुविधा मिलने पर एक्सप्रेसवे से आने-जाने वाले वाहनों को जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।
एनएचएआइ की ओर से कराए जा रहे सर्वे में एक्सप्रेसवे को कानपुर के प्रमुख मार्गों से जोड़ने के लिए संभावित मार्गों का अध्ययन किया जा रहा है। चकेरी-सरसौल के बीच प्रयागराज हाईवे से कनेक्शन मिलने पर लखनऊ से आने वाले वाहनों को कानपुर शहर की ओर जाने के लिए मौजूदा जाम वाले हिस्सों पर निर्भरता कम हो सकती है।
अधिकारियों के अनुसार सर्वे के बाद कनेक्टिविटी के लिए उपयुक्त विकल्प तय किया जाएगा। सीधे जुड़ाव से लखनऊ और कानपुर के बीच आवागमन आसान होने के साथ एक्सप्रेसवे की उपयोगिता भी बढ़ने की उम्मीद है।