Breaking News

मधुमेह से बचाव के लिए नियमित जांच और व्यायाम जरूरी: डॉ. कांडपाल

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। विश्व मधुमेह दिवस पर डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान (RMLIMS) के सामुदायिक चिकित्सा विभाग की ओर से शनिवार को उजरियांव स्थित अर्बन हेल्थ ट्रेनिंग सेंटर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस वर्ष की थीम ‘मधुमेह पर शीघ्र कार्रवाई’ रही। विशेषज्ञों ने मधुमेह से बचाव के लिए संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और समय पर जांच को जरूरी बताया।
संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) सीएम सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में सामुदायिक चिकित्सा विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) एसडी कांडपाल ने कहा कि नियमित शारीरिक गतिविधि, पौष्टिक भोजन और मोटे अनाज का सेवन मधुमेह के जोखिम को कम करने में सहायक है। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अरविंद ने तनाव प्रबंधन और सक्रिय जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया।
निदेशक प्रो. सीएम सिंह ने मधुमेह के आनुवंशिक और जीवनशैली से जुड़े कारणों की जानकारी दी। उन्होंने लंबे समय तक बैठे रहने और मोबाइल फोन के अत्यधिक इस्तेमाल से बचने की सलाह दी। मेडिसिन विभाग के प्रो. डॉ. निखिल गुप्ता ने बताया कि मधुमेह का असर केवल रक्त शर्करा तक सीमित नहीं रहता, बल्कि हृदय, गुर्दे, आंखों और नसों को भी प्रभावित कर सकता है।
पीएमआर विभागाध्यक्ष प्रो. वीरेंद्र सिंह गोगिया ने बताया कि ग्रामीण और शहरी स्वास्थ्य प्रशिक्षण केंद्रों में हर महीने पीएमआर क्लीनिक शुरू किए जाएंगे। यहां मधुमेह मरीजों के पैरों की जांच और आवश्यक परामर्श दिया जाएगा।
कार्यक्रम में चिकित्सकों ने डायबिटिक फुट की देखभाल का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया। मरीजों को पैरों की नियमित जांच, साफ-सफाई, उचित जूते पहनने और घाव या सूजन होने पर तत्काल चिकित्सकीय सलाह लेने की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का आयोजन संस्थान के आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ के सहयोग से किया गया। इसमें चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी और स्थानीय नागरिक शामिल हुए।

Check Also

केजीएमयू में एआई से लैस पोर्टेबल एक्स-रे मशीन लगी, एक मिनट में मिलेगी टीबी की जानकारी

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार लखनऊ। क्षय रोग (TB) की जल्द पहचान और बेहतर इलाज …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *