Breaking News

दोनों डिप्टी सीएम की मुलाकात से सियासी चर्चाएं तेज, 2027 की तैयारियों पर हुई बात

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक की मुलाकात ने प्रदेश की सियासत में चर्चाएं तेज कर दी हैं। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक गुरुवार को कालिदास मार्ग स्थित केशव प्रसाद मौर्य के आवास पहुंचे। यहां उन्होंने केशव मौर्य को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। दोनों नेताओं के बीच गर्मजोशी से हुई मुलाकात और मुस्कुराते चेहरों ने राजनीतिक गलियारों में कई तरह के संदेश दिए। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच प्रदेश के मौजूदा राजनीतिक हालात और वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भी चर्चा हुई। हालांकि, मुलाकात में हुई बातचीत का आधिकारिक ब्योरा सामने नहीं आया है।
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने इसके बाद भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी से भी मुलाकात की। वह उनके आवास पहुंचे और दीपावली की बधाई दी। इस दौरान भी प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा होने की बात कही जा रही है। राजनीतिक हलकों में इन मुलाकातों को आगामी चुनाव की तैयारियों और संगठन के भीतर बेहतर समन्वय के लिहाज से अहम माना जा रहा है। बैठक के दौरान 12 दिसंबर को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के प्रस्तावित अयोध्या दौरे को लेकर भी चर्चा होने की जानकारी सामने आई है।
दोनों उपमुख्यमंत्रियों ने विश्वास जताया कि भाजपा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत के साथ एक बार फिर सरकार बनाएगी। हालांकि, इन मुलाकातों को लेकर राजनीतिक अटकलें तेज हैं, लेकिन नेताओं की ओर से इसे दीपावली की शुभकामना और आपसी संवाद का अवसर बताया गया है।

Check Also

अखिलेश के अयोध्या दौरे से पहले भाजपा-सपा में तीखी नोकझोंक

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारी …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *