वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
अयोध्या। दीपोत्सव की भव्यता के बाद जमघट के मौके पर सोमवार की शाम अयोध्या के आसमान में एक बार फिर रामायण के प्रसंग जीवंत हो उठे। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित विशेष ड्रोन शो में 2100 स्वदेशी ड्रोन ने रोशनी और आधुनिक तकनीक के जरिए ऐसा नजारा पेश किया कि लोग मंत्रमुग्ध हो गए। आसमान में भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों को देखकर अयोध्यावासियों ने जय श्रीराम के उद्घोष के साथ उत्साह जताया।
दीपोत्सव के मुख्य आयोजन में सात नवंबर को प्रस्तुत किए गए इस ड्रोन शो की सोमवार को स्थानीय लोगों के लिए दोबारा प्रस्तुति की गई। करीब 2100 ड्रोन ने एक साथ उड़ान भरकर भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और हनुमान जी की भव्य आकृतियां बनाईं। इसके बाद रावण वध, पुष्पक विमान और भगवान श्रीराम की अयोध्या वापसी के दृश्य आसमान में साकार हुए। राम दरबार और श्रीराम जन्मभूमि मंदिर की आकृतियों ने भी दर्शकों का विशेष ध्यान खींचा। प्रस्तुति में रामायण के रचयिता महर्षि वाल्मीकि और रामचरितमानस के रचयिता गोस्वामी तुलसीदास को भी स्थान दिया गया। संगीत और कथावाचन के साथ ड्रोन की बदलती आकृतियों ने रामकथा के प्रसंगों को क्रमबद्ध ढंग से प्रस्तुत किया। रोशनी और तकनीक के अनूठे तालमेल ने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया। इस अवसर पर इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ की न्यायमूर्ति बबीता रानी सहित अन्य गणमान्य अतिथि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने भी इस अद्भुत प्रस्तुति का आनंद लिया।
दीपोत्सव में देश-दुनिया के पर्यटकों को आकर्षित करने वाला यह शो जमघट पर अयोध्यावासियों के लिए विशेष सौगात बना। पर्यटन विभाग की इस पहल से दीपोत्सव की उत्सवी रौनक एक दिन और आसमान में बिखरती नजर आई।