वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारी के बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के 12 दिसंबर को अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन करने की घोषणा ने राजनीतिक पारा गर्म कर दिया है। सपा नेता और अयोध्या से पार्टी के उम्मीदवार पवन पांडे ने कहा कि अखिलेश यादव अपनी पत्नी डिंपल यादव और परिवार के साथ हनुमानगढ़ी में दर्शन करेंगे, इसके बाद राम जन्मभूमि मंदिर पहुंचेंगे। दौरे के दौरान वे संतों और महंतों से भी मुलाकात करेंगे।
यह यात्रा ऐसे समय पर हो रही है जब अयोध्या की सियासत में राम मंदिर को लेकर मुद्दे तेज हो गए हैं। सपा ने अयोध्या सीट से पवन पांडे को फिर उम्मीदवार बनाया है, जिससे पार्टी की इस क्षेत्र में तैयारी साफ दिखती है। वहीं, भाजपा नेताओं ने अखिलेश यादव के दौरे को चुनावी समय में राम भक्ति का प्रदर्शन बताते हुए उन पर निशाना साधा है। इस बीच अखिलेश यादव ने राम मंदिर में चंदे की कथित चोरी का मुद्दा उठाया है। उन्होंने सवाल किया कि एसआईटी जांच के बाद दोषियों पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस मामले में चुप क्यों हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चढ़ावे की गिनती में हेराफेरी हुई और जवाबदेही तय नहीं हो रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से जवाब देते हुए एसआईटी जांच का हवाला दिया गया है। बताया जा रहा है कि मंदिर ट्रस्ट की शिकायत के बाद तीन सदस्यीय एसआईटी गठित हुई थी और जांच एजेंसी ने अयोध्या अदालत में आरोप पत्र भी दाखिल किया है। जांच में गिनती कक्ष से नकद राशि की अनधिकृत निकासी या छिपाने के कथित 105 मामले सामने आने की बात कही गई है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अखिलेश यादव की अयोध्या यात्रा केवल धार्मिक आस्था का प्रदर्शन नहीं, बल्कि 2027 चुनाव से पहले सपा की तराफ से एक साफ संदेश भी है। सपा चाहती है कि राम भक्ति और अयोध्या के मुद्दे पर भाजपा के बनाए गए मैदान में अपनी मौजूदगी दर्ज कराए। दूसरी ओर भाजपा इसे सपा की चुनावी मजबूरी बताकर मुद्दे को अपने पक्ष में घुमाने की कोशिश कर रही है। अब देखना होगा कि 12 दिसंबर को अखिलेश यादव का अयोध्या दौरा राजनीतिक तापमान को कितना बढ़ाता है और राम मंदिर चंदा मामले पर सत्तारूढ़ दल व विपक्ष के बीच बहस किस दिशा में जाती है।