वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। गुजरात से लखनऊ तक नकदी लेकर आने-जाने वाले व्यापारियों के कैश कैरियरों की रेकी कर दिनदहाड़े लूटपाट करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का एसटीएफ ने पर्दाफाश किया है। गिरोह के मास्टरमाइंड दिनेश चन्द्र यादव समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनके कब्जे से लूट के 48 लाख 45 हजार रुपये नकद, अवैध पिस्टल, कारतूस, वारदात में इस्तेमाल बलेनो कार और मोटरसाइकिल बरामद हुई है। एसटीएफ ने सभी आरोपियों को आठ नवंबर की रात गोमतीनगर में सहारा पुल के नीचे क्रिकेट एकेडमी के गेट के पास से गिरफ्तार किया।
एसटीएफ के मुताबिक, गिरोह पिछले कई महीनों से गोमतीनगर, विभूतिखंड और आशियाना क्षेत्र में गुजरात से जुड़े मसाला एवं कृषि उत्पाद कारोबारियों के कैश कैरियरों को निशाना बना रहा था। आरोपी पहले कैरियरों की रेकी करते थे। इसके बाद सुनसान जगह पर कार से स्कूटी में टक्कर मारकर उन्हें गिरा देते थे। फिर लोहे की रॉड और डंडों से पिटाई कर पिस्टल के दम पर नकदी से भरा बैग लूटकर फरार हो जाते थे। एसटीएफ को सात नवंबर को सूचना मिली थी कि गिरोह के सदस्य दीपावली के मद्देनजर लूटी गई रकम का बंटवारा करने गोमतीनगर में जुटने वाले हैं। इस पर निरीक्षक हेमंत भूषण सिंह के नेतृत्व में टीम ने घेराबंदी कर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने कई सनसनीखेज वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। इनमें दो मई को विराजखंड में 22 लाख, तीन जुलाई को विराटखंड में 45 लाख, तीन सितंबर को मेयो अस्पताल के पास 80 लाख और 24 अक्टूबर को आशियाना के सेक्टर-जी में 1.55 करोड़ रुपये की लूट शामिल है। पुलिस के अनुसार, इन घटनाओं में अमृत लाल पाल कैश कैरियरों की गतिविधियों और उनके पास मौजूद रकम की जानकारी गिरोह तक पहुंचाता था। मोहित कनौजिया रेकी कर साथियों को सूचना देता था, जबकि अन्य आरोपी वारदात को अंजाम देते थे।
बताते चलें कि आरोपियों ने दयाल चौराहा, ग्वारी चौराहा और शंकर चौराहा पर भी लूट की कोशिश की थी, लेकिन पुलिस की सतर्कता और भीड़ के कारण सफल नहीं हो सके। गिरफ्तार आरोपियों को गोमतीनगर थाने में दर्ज मुकदमे में दाखिल कर दिया गया है। स्थानीय पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
कैश कैरियरों से करोड़ों रुपये की लूट करने वाले गिरोह के छह गिरफ्तार आरोपियों में मास्टरमाइंड दिनेश चन्द्र यादव उर्फ छोटू भी शामिल है। एसटीएफ के मुताबिक, दिनेश चिनहट क्षेत्र के भुजंगीपुरवा, निजामपुर मल्हौर का रहने वाला है। उसकी उम्र करीब 23 वर्ष है। सौरभ यादव (25) बीबीडी क्षेत्र के हांसेमऊ, अमन उर्फ रमन यादव (25) गोमतीनगर के ग्वारी, सौरभ दीक्षित (22) खरगापुर और मोहित कनौजिया (24) लौलाई, चिनहट का निवासी है। छठा आरोपी ज्ञान सिंह (25) चिनहट स्थित माधव ग्रीन सिटी का रहने वाला है। वह मूल रूप से बिहार के बेगूसराय जिले का निवासी है।
एसटीएफ ने आरोपियों के कब्जे से कुल 48 लाख 45 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। इसमें दिनेश यादव से 12.50 लाख, सौरभ यादव से 10.90 लाख, अमन यादव से 11.10 लाख, सौरभ दीक्षित से 5.75 लाख, मोहित कनौजिया से 4.20 लाख और ज्ञान सिंह से चार लाख रुपये मिले हैं। इसके अलावा 32 बोर की एक अवैध पिस्टल, मैगजीन और दो जिंदा कारतूस भी बरामद हुए हैं। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल मारुति बलेनो कार और रेकी के लिए इस्तेमाल हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी कब्जे में ली है। एसटीएफ के अनुसार, बलेनो कार लूट की रकम से खरीदी गई थी। आरोपियों के पास से सात मोबाइल फोन भी मिले हैं।
बरामदगी में पीड़ितों के लूटे गए महत्वपूर्ण दस्तावेज में पटेल मितेश कुमार का ड्राइविंग लाइसेंस और जयमिन पटेल का पहचान पत्र व ड्राइविंग लाइसेंस और मोहित कनौजिया का पैन कार्ड और निर्वाचन पहचान पत्र भी बरामद हुआ है। पुलिस बरामद मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर गिरोह की गतिविधियों की पड़ताल कर रही है।