Breaking News

लखनऊ की पांच तहसीलों में 312 शिकायतें आईं, 56 का मौके पर निस्तारण

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। जिले की पांचों तहसीलों में शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इसमें कुल 312 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 56 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में तहसील बीकेटी में आयोजित समाधान दिवस में सबसे अधिक 98 शिकायतें आईं। इनमें से 33 का मौके पर निस्तारण किया गया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता की शिकायतों का समाधान शासन की प्राथमिकता है। इसलिए सभी अधिकारी विधिक प्रक्रियाओं का पालन करते हुए शिकायतों का त्वरित, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि समाधान दिवस में प्राप्त सभी शिकायतों का निस्तारण अधिकतम एक सप्ताह में किया जाए। साथ ही शिकायतकर्ताओं को कार्रवाई की जानकारी भी दी जाए। जिले की पांचों तहसीलों में सदर में 27 शिकायतों में तीन, मलिहाबाद में 92 में पांच, बीकेटी में 98 में 33, मोहनलालगंज में 45 में 12 और सरोजनीनगर में 50 शिकायतों में तीन का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष शिकायतें संबंधित विभागों को एक सप्ताह में निस्तारण के निर्देश के साथ भेज दी गईं। प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग से जुड़ी 166, पुलिस की 44, राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त तीन, विकास विभाग की 26, समाज कल्याण की नौ, नगर निगम की एक और अन्य विभागों की 63 शिकायतें शामिल रहीं।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत के निस्तारण की आख्या फोटो और वीडियो सहित उपलब्ध कराई जाए। निस्तारण के बाद शिकायतकर्ताओं को फोन कर उनसे फीडबैक भी लिया जाए, ताकि समाधान की गुणवत्ता का पता चल सके। इस मौके पर मुख्य चिकित्साधिकारी एनबी सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, एसडीएम बीकेटी आकाश सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Check Also

एसटीएफ ने मास्टरमाइंड समेत छह आरोपियों को दबोचा, 48.45 लाख नकद, पिस्टल और कार बरामद

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार लखनऊ। गुजरात से लखनऊ तक नकदी लेकर आने-जाने वाले व्यापारियों …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *