– अयोध्या के दीपोत्सव की चमक पूरी दुनिया में फैल रही : दिनेश शर्मा
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) लखनऊ महानगर की ओर से दीपावली मिलन समारोह का आयोजन सीएमएस, गोमती नगर विस्तार परिसर में किया गया। समारोह में मुख्य वक्ता क्षेत्र प्रचारक अनिल जी ने कहा कि भारत के पर्व और त्योहारों के पीछे राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का संदेश छिपा है। वहीं, मुख्य अतिथि अंडमान-निकोबार के उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि अयोध्या में आयोजित होने वाले दीपोत्सव की चमक आज पूरी दुनिया में फैल रही है।
अनिल जी ने कहा कि भारत ने तमाम संघर्षों और विपरीत परिस्थितियों के बावजूद अपनी सांस्कृतिक पहचान पर्वों और परंपराओं के माध्यम से सुरक्षित रखी है। इन उत्सवों ने समाज को एकजुट रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। अपनी परंपराओं को जीवित रखते हुए उन्हें अगली पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने आगामी सूर्यषष्ठी पर्व की शुभकामनाएं भी दीं।
मुख्य अतिथि डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि दीपावली के पांचों दिनों का अपना विशेष महत्व है। अयोध्या का दीपोत्सव भारत की एकता, समन्वय और पुरुषार्थ का संदेश पूरी दुनिया तक पहुंचा रहा है। उन्होंने अंडमान-निकोबार की सेलुलर जेल का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान की गाथाएं देखकर हर भारतीय का मन भावुक हो उठता है। दीपावली मिलन राष्ट्र के एकीकरण के संकल्प को मजबूत करने का अवसर है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे अखिल भारतीय सह गौ-संवर्धन संयोजक नवल किशोर ने स्वदेशी, स्वभाषा और स्वभूषा को अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि उत्सवों के माध्यम से भारतीय परंपराओं को जीवन में उतारना चाहिए। समारोह में दुर्गा देवी पर आधारित नृत्य-नाटिका सहित गायन और वादन की प्रस्तुतियां हुईं। मलूकपीठाधीश्वर संत राजेंद्र दास का वीडियो संदेश भी प्रसारित किया गया। कार्यक्रम में करीब 1300 लोगों ने सहभागिता की। उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, ऊर्जा मंत्री एके शर्मा, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण, प्रांत प्रचारक कौशल किशोर लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जेपी सैनी, केजीएमयू की कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद, भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजकुमार मित्तल, सह प्रांत संघचालक सुनीत खरे, विभाग संघचालक अरविन्द जैन, विहिप के क्षेत्र संगठन मंत्री गजेन्द्र सिंह, प्रांत सम्पर्क प्रमुख गंगा सिंह, समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, विधायक नीरज वोरा, पद्मश्री रामशरण वर्मा, पद्मश्री सुधा सिंह, एमएलसी पवन चौहान, पूर्व महाधिवक्ता राघवेंद्र सिंह, भाजपा प्रदेश महासचिव संजय राय, अपर महाधिवक्ता कुलदीपति त्रिपाठी, महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव, विधायक ओपी श्रीवास्तव, प्रदेश भाजपा कार्यालय प्रभारी भारत दीक्षित, सीएमएस की निदेशक गीता गांधी, प्रशांत भाटिया सहित कई जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद् और गणमान्य लोग मौजूद रहे।