Breaking News

केजीएमयू में एआई से लैस पोर्टेबल एक्स-रे मशीन लगी, एक मिनट में मिलेगी टीबी की जानकारी

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। क्षय रोग (TB) की जल्द पहचान और बेहतर इलाज की दिशा में किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (KGMU) ने बड़ी पहल की है। विश्वविद्यालय के रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभाग में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक से लैस हैंडहेल्ड पोर्टेबल एक्स-रे मशीन स्थापित की गई है। इस मशीन की मदद से महज एक मिनट में छाती के एक्स-रे की तस्वीर मिल सकेगी। एआई तकनीक फेफड़ों में टीबी से जुड़े संभावित लक्षणों और असामान्यताओं की पहचान करने में मदद करेगी।
विभागाध्यक्ष डॉ. सूर्यकान्त ने बताया कि नई मशीन से मरीजों को एक्स-रे कराने के लिए अलग केंद्र तक ले जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। गंभीर और चलने-फिरने में असमर्थ मरीजों का बिस्तर पर ही एक्स-रे किया जा सकेगा। इससे जांच की प्रक्रिया तेज होगी और मरीजों को काफी सहूलियत मिलेगी। एक्स-रे की तस्वीर मरीज और उनके परिजनों को व्हाट्सएप के माध्यम से भी उपलब्ध कराई जा सकेगी। उन्होंने बताया कि इस मशीन का उपयोग निःशुल्क स्वास्थ्य एवं टीबी जांच शिविरों में भी किया जाएगा। इससे ग्रामीण, पिछड़े और मलिन बस्तियों वाले क्षेत्रों में पहुंचकर संभावित टीबी मरीजों की पहचान की जा सकेगी। प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत यह तकनीक काफी उपयोगी साबित होगी।
केजीएमयू की कुलपति डॉ. सोनिया नित्यानंद ने इस पहल को टीबी उन्मूलन की दिशा में बड़ा कदम बताया। उन्होंने कहा कि एआई आधारित तकनीक से कम समय में जांच संभव होगी और मरीजों को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। मशीन की स्थापना के अवसर पर एक्स-रे तकनीशियनों को संचालन का प्रशिक्षण भी दिया गया। इस दौरान राज्य टीबी अधिकारी डॉ. राजेश झा, उप राज्य टीबी अधिकारी डॉ. ऋषि सक्सेना समेत कई चिकित्सक मौजूद रहे।
विभाग में संचालित पल्मोनरी रिहैबिलिटेशन सेंटर में टीबी के बाद फेफड़ों की बीमारी से जूझ रहे मरीजों को भी इस मशीन से लाभ मिलेगा। उनके एक्स-रे, बीमारी के आकलन और नियमित फॉलोअप में यह तकनीक मददगार होगी।

Check Also

एक्सप्रेसवे पर चालकों का स्वास्थ्य परीक्षण और नशा जांच अनिवार्य होगा : ब्रजेश पाठक, उप मुख्यमंत्री

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार लखनऊ। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण बस हादसे के बाद …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *