वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
कानपुर। साइबर अपराधी अब बुजुर्गों को आसानी से अपना शिकार बना रहे हैं। कभी निवेश पर रकम दोगुनी करने का लालच तो कभी पुलिस और जांच एजेंसियों के नाम पर गिरफ्तारी का डर दिखाकर उनकी जीवनभर की कमाई लूटी जा रही है। कानपुर में इस साल के शुरुआती आठ महीनों में 90 करोड़ रुपये से अधिक की साइबर ठगी हुई है। इसमें 30 से 35 फीसदी रकम सीनियर सिटीजन से ठगी गई है। चौंकाने वाली बात यह है कि सामाजिक प्रतिष्ठा और परिवार में अपनी छवि खराब होने के डर से कई बुजुर्ग शिकायत तक दर्ज नहीं कराते।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, साइबर अपराधी बुजुर्गों की जमा पूंजी को निशाना बना रहे हैं। डिजिटल अरेस्ट के नाम पर उन्हें कई दिनों तक मानसिक दबाव में रखा जाता है। वहीं, निवेश के नाम पर मोटा मुनाफा देने का झांसा देकर भी बड़ी रकम ऐंठी जा रही है। साइबर थाने के इंस्पेक्टर अभय सिंह के मुताबिक, ठगी का शिकार होने वाले बुजुर्गों की संख्या भले ही अपेक्षाकृत कम हो, लेकिन उनसे ठगी जाने वाली रकम काफी अधिक होती है। इसकी वजह यह है कि उनके पास जीवनभर की बचत के रूप में बड़ी रकम उपलब्ध रहती है। कई मामलों में परिवार के दबाव के बाद पीड़ित पुलिस तक पहुंचते हैं। ऐसा ही मामला अगस्त में कल्याणपुर क्षेत्र में सामने आया। केंद्रीय लोक निर्माण विभाग के सेवानिवृत्त अधिकारी को ठगों ने खुद को पुलिस और प्रवर्तन निदेशालय का अधिकारी बताकर मनी लॉन्ड्रिंग के झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी। उन्हें 12 से 14 दिनों तक डिजिटल अरेस्ट रखा गया और करीब 1.83 करोड़ रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करा लिए गए।
रघुबीर लाल, पुलिस कमिश्नर ने बताया कि कोई भी सरकारी एजेंसी जैसे पुलिस, सीबीआई या ईडी वीडियो कॉल के जरिए किसी व्यक्ति को गिरफ्तार नहीं करती और न ही जांच के नाम पर बैंक खाते में पैसे जमा कराने को कहती है। इसलिए यदि कोई व्यक्ति खुद को सरकारी अधिकारी बताकर गिरफ्तारी का डर दिखाए और पैसों की मांग करे तो उसकी बातों में न आएं। व्हाट्सएप, एसएमएस या अन्य सोशल मीडिया माध्यमों पर आने वाले अनजान लिंक पर क्लिक न करें। अपरिचित स्रोत से मिली फाइल या ऐप डाउनलोड करने से भी बचें। ऐसे लिंक के जरिए साइबर अपराधी मोबाइल और बैंकिंग संबंधी जानकारियां हासिल कर सकते हैं।
पुलिस ने सलाह दी है कि यदि कोई साइबर ठगी का शिकार हो जाता है तो सामाजिक प्रतिष्ठा या परिवार की नाराजगी के डर से चुप्पी न साधें। तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें। इसके अलावा सरकारी साइबर अपराध पोर्टल https://cybercrime.gov.in पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
पुलिस का कहना है कि ठगी के बाद जितनी जल्दी शिकायत की जाएगी, रकम को संबंधित बैंक खातों में फ्रीज कराने की संभावना उतनी ही बेहतर होगी। बुजुर्गों के परिजनों को भी चाहिए कि वे उन्हें डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करें और किसी अनजान व्यक्ति के साथ बैंकिंग संबंधी जानकारी साझा न करने दें।