वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। मानसून के बाद अक्टूबर से प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत का बड़ा अभियान शुरू होगा। जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने सोमवार को राज्य पेयजल एवं स्वच्छता मिशन कार्यालय में वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से पेयजल योजनाओं की मंडलवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को अभियान की तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
जलशक्ति मंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति के लिए पाइपलाइन बिछाने के दौरान कई स्थानों पर सड़कें खोदी गई हैं। बारिश के कारण इन मार्गों पर आवागमन में लोगों को परेशानी हो रही है। ऐसे में अक्टूबर से अभियान चलाकर सड़कों को दोबारा भरने, समतल करने और पूरी तरह दुरुस्त करने का काम कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों को कार्य की गुणवत्ता पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान मंत्री ने विभिन्न जोन के अभियंताओं और अधीक्षण अभियंताओं से क्षेत्र भ्रमण तथा रात्रि प्रवास का फीडबैक लिया। उन्होंने सहायक अभियंताओं (एई) और अवर अभियंताओं (जेई) को भी क्षेत्र में रात्रि प्रवास करने के निर्देश दिए। निर्माणाधीन पेयजल योजनाओं को निर्धारित समय में पूरा करने के लिए जरूरत के अनुसार मैनपावर बढ़ाने को कहा।
मंत्री ने जल प्रबंधन और पेयजल योजनाओं के संचालन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्य अभियंताओं, अधीक्षण अभियंताओं और अधिशासी अभियंताओं को अधीनस्थ अभियंताओं तथा कार्यदायी एजेंसियों के काम की गोपनीय रिपोर्ट तैयार कर अपर मुख्य सचिव को भेजने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग के अपर मुख्य सचिव अनुराग श्रीवास्तव, जल निगम ग्रामीण के प्रबंध निदेशक योगेश कुमार समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।