वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी 13 नवंबर से चुनावी अभियान की औपचारिक शुरुआत करेगी। इसके तहत प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से जिला और शहर अध्यक्षों समेत विभिन्न विभागों एवं संगठनों के पदाधिकारियों की एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी।
प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के चेयरमैन एवं सांसद तनुज पुनिया ने गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में प्रेसवार्ता में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष अराधना मिश्रा ‘मोना’ के नेतृत्व में होने वाली कार्यशाला में जिला और शहर अध्यक्षों, फ्रंटल संगठनों के अध्यक्षों तथा विभागों एवं प्रकोष्ठों के प्रदेश चेयरमैन शामिल होंगे। इसमें अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रभारी राजेन्द्र पाल गौतम और राष्ट्रीय सचिव भी मौजूद रहेंगे। तनुज पुनिया ने कहा कि कार्यशाला में पार्टी पदाधिकारियों को भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ जनता के बीच प्रभावी ढंग से अपनी बात रखने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। कांग्रेस का आरोप है कि सरकार की नीतियों से युवा रोजगार से वंचित हुए हैं और किसान परेशान हैं। मजदूरों के अधिकारों पर भी चोट पहुंची है। इन मुद्दों को संगठन के माध्यम से गांव-गांव और शहरों तक पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि चुनावी तैयारियों के तहत मीडिया, सोशल मीडिया, विधि विभाग और कनेक्ट सेंटर की भी कार्यशाला होगी। इसमें कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया विभाग के चेयरमैन एवं सांसद पवन खेड़ा और प्रदेश मीडिया विभाग के प्रभारी अभय दुबे पदाधिकारियों को बेहतर संवाद और समन्वय के गुर सिखाएंगे।