Breaking News

यूपी में 46 फीसदी परिवारों को पहली बार मिला डिजिटल डिवाइस, बेटियों को भी मिला लाभ

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार की स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना डिजिटल खाई को पाटने के साथ युवाओं की शिक्षा और महिला सशक्तीकरण में भी अहम भूमिका निभा रही है। भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) लखनऊ के स्वतंत्र प्रभाव आकलन में सामने आया है कि योजना के तहत डिवाइस पाने वाले 46 फीसदी परिवारों के पास पहली बार स्मार्ट डिजिटल उपकरण पहुंचा है। महिला लाभार्थियों ने शैक्षणिक प्रदर्शन, दक्षता और आत्मनिर्णय के मामले में पुरुषों से बेहतर परिणाम दर्ज किए हैं।
मार्च 2026 तक के आंकड़ों पर आधारित अध्ययन के मुताबिक, प्रदेश में करीब 60 लाख स्मार्ट डिवाइस वितरित किए गए हैं। इनमें 37.19 लाख स्मार्टफोन और 22.61 लाख टैबलेट शामिल हैं। औसतन पांच सदस्यों वाले परिवार के आधार पर योजना का संभावित लाभ करीब तीन करोड़ लोगों तक पहुंचा है। सर्वेक्षण में शामिल 4414 परिवारों में से 2019 यानी 45.7 प्रतिशत परिवारों को योजना के माध्यम से पहली बार स्मार्ट डिजिटल उपकरण मिला। बड़ी संख्या में लाभार्थी ऐसे परिवारों से हैं, जिनकी वार्षिक आय दो लाख रुपये से कम है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की डिजिटल संसाधनों तक पहुंच बढ़ी है। अध्ययन में टैबलेट प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों ने सीखने की क्षमता, करियर आकांक्षा, नेतृत्व और सशक्तीकरण जैसे आठ मानकों पर बेहतर प्रदर्शन किया। वहीं, महिला लाभार्थियों में आत्मनिर्भरता, सामाजिक भागीदारी और निर्णय लेने की क्षमता में सकारात्मक बदलाव दर्ज किया गया।
सर्वेक्षण के अनुसार, 43.5 प्रतिशत से अधिक लाभार्थी हर महीने पांच जीबी से ज्यादा इंटरनेट डेटा इस्तेमाल कर रहे हैं। शिक्षकों ने भी कक्षा में विद्यार्थियों की सहभागिता और स्वतंत्र रूप से सीखने की क्षमता में सुधार की बात कही। आईआईएम लखनऊ ने योजना को और प्रभावी बनाने के लिए डिजिटल प्रशिक्षण, संस्थानों में वाई-फाई सुविधा, शिक्षकों के प्रशिक्षण और पहली बार डिवाइस पाने वाले परिवारों को प्राथमिकता देने सहित दस सुझाव दिए हैं।

Check Also

पूर्वांचल की सभी विधानसभा सीटों पर प्रत्याशी उतारेगा अंबेडकर जन मोर्चा: निराला

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार गोरखपुर। अंबेडकर जन मोर्चा ने आगामी विधानसभा चुनाव में पूर्वांचल …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *