Breaking News

सही जानकारी दें, 16 नवंबर से शुरू होगी स्व-जनगणना, घर बैठे ऑनलाइन भर सकेंगे परिवार का ब्योरा

वेबवार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। जनगणना 2027 के तहत उत्तर प्रदेश में 16 नवंबर से स्व-गणना की प्रक्रिया शुरू होगी। परिवारों को 30 नवंबर तक घर बैठे ऑनलाइन अपने परिवार के सभी सदस्यों का विवरण दर्ज कराने का मौका मिलेगा। इसके लिए आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर सुविधा उपलब्ध होगी। स्व-गणना के बाद मिलने वाली विशिष्ट पहचान संख्या (एसई आईडी) सुरक्षित रखनी होगी और प्रगणक के घर पहुंचने पर उसे उपलब्ध कराना होगा। इसके बाद ही जनगणना की प्रक्रिया पूरी मानी जाएगी।
जनगणना निदेशक एवं मुख्य प्रधान जनगणना अधिकारी शीतल वर्मा ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनगणना 2027 देश की 16वीं और आजादी के बाद आठवीं जनगणना होगी। प्रदेश में जनसंख्या गणना का कार्य एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक चलेगा। इस दौरान प्रगणक घर-घर जाकर परिवारों से निर्धारित 40 सवालों के जवाब हासिल करेंगे। इनमें नाम, उम्र, लिंग, वैवाहिक स्थिति, धर्म, जाति, भाषा, शिक्षा, रोजगार, व्यवसाय, दिव्यांगता और प्रवास से जुड़ी जानकारियां शामिल होंगी।
शीतल वर्मा ने बताया कि पहली बार लोगों को प्रगणक के आने से पहले स्वयं ऑनलाइन जानकारी भरने की सुविधा दी जा रही है। हालांकि स्व-गणना वैकल्पिक होगी। जिन परिवारों ने ऑनलाइन विवरण नहीं भरा होगा, उनसे प्रगणक मोबाइल एप के माध्यम से जानकारी जुटाएंगे। मोबाइल से स्व-गणना करते समय घर की वास्तविक लोकेशन का सही पिन ड्रॉप करना जरूरी होगा।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के सभी 75 जिलों, 350 तहसीलों, 783 वैधानिक नगरों और 1,04,004 गांवों में जनगणना कराई जाएगी। इसके लिए करीब 5.60 लाख प्रगणकों और सुपरवाइजरों की तैनाती की जा रही है। प्रत्येक प्रगणक को लगभग 180 से 200 मकानों की जिम्मेदारी मिलेगी।
जनगणना की संदर्भ तिथि पांच जनवरी 2027 की मध्यरात्रि निर्धारित की गई है। चार जनवरी की रात बेघर लोगों की भी गणना होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना में दी गई व्यक्तिगत जानकारी पूरी तरह गोपनीय रहेगी। इसका नागरिकता या कर निर्धारण से कोई संबंध नहीं है। किसी से दस्तावेज या ओटीपी भी नहीं मांगा जाएगा। उन्होंने प्रदेशवासियों से सही जानकारी देकर जनगणना में सहयोग की अपील की।

Check Also

सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में बरेली फिर अव्वल, पीलीभीत दूसरे और रामपुर तीसरे स्थान पर

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनसमस्याओं के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *