वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सूर्योपासना एवं लोक आस्था के महापर्व छठ पर प्रदेश और देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कामना की कि छठी मइया की कृपा और भगवान सूर्य के आशीर्वाद से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य का संचार हो।
उप मुख्यमंत्री ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि छठ महापर्व केवल पूजा-अर्चना का पर्व नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक आत्मा, गौरवशाली परंपराओं और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का अनुपम उत्सव है। यह पर्व आत्मानुशासन, पवित्रता, श्रद्धा और समर्पण का संदेश देता है। इसमें व्रती अस्ताचलगामी और उदयीमान सूर्य को अर्घ्य देकर लोकमंगल और परिवार की खुशहाली की कामना करते हैं। उन्होंने कहा कि सूर्योपासना का यह महापर्व जीवन में प्रकाश, ऊर्जा और सकारात्मकता का संदेश देता है। छठ प्रकृति और मानव जीवन के गहरे संबंधों को दर्शाने के साथ सामाजिक समरसता और एकता को भी मजबूत करता है। घाटों पर सभी वर्गों के लोग एक साथ श्रद्धा और आस्था के साथ पूजा करते हैं। यह सामाजिक सद्भाव का अनुपम उदाहरण है।
मौर्य ने कहा कि छठ की परंपरा पूर्वी भारत और उत्तर प्रदेश से निकलकर आज देश-दुनिया तक पहुंच चुकी है। विदेशों में रहने वाले प्रवासी भारतीय भी इसे पूरी श्रद्धा से मनाते हैं। उन्होंने लोगों से अपनी सांस्कृतिक विरासत और लोक परंपराओं को गरिमा के साथ आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
उप मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को छठ पूजा के मद्देनजर गांवों में बने अमृत सरोवरों, नदियों के घाटों और अन्य पूजा स्थलों पर विशेष साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने छठी मइया से सभी व्रतियों के संकल्प पूर्ण होने और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।