वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि युवाओं की प्रतिभा को अवसर देना, उन्हें आधुनिक तकनीक से जोड़ना और उनके सपनों को साकार करना डबल इंजन सरकार का संकल्प है। सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि प्रतिभाशाली युवाओं को आगे बढ़ने के लिए संसाधनों की कमी का सामना न करना पड़े। स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के तहत टैबलेट वितरण इसी संकल्प का हिस्सा है।
रविवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में आयोजित टैबलेट वितरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि आज विद्यार्थियों के हाथों में स्मार्टफोन, टैबलेट और लैपटॉप हैं। ये केवल तकनीकी उपकरण नहीं, बल्कि ज्ञान, कौशल, नवाचार और रोजगार की असीमित संभावनाओं तक पहुंचने का माध्यम हैं। विकसित उत्तर प्रदेश और विकसित भारत के निर्माण की जिम्मेदारी युवाओं के कंधों पर है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार बिना भेदभाव के पात्र विद्यार्थियों को योजनाओं का लाभ दे रही है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को भी डिजिटल शिक्षा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से टैबलेट और लैपटॉप का इस्तेमाल केवल मनोरंजन के लिए नहीं, बल्कि पढ़ाई, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, नई तकनीक सीखने और रोजगार व स्वरोजगार के अवसर तलाशने में करने की अपील की।
मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश स्मार्टफोन और टैबलेट निर्माण के साथ इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण और डिजिटल अर्थव्यवस्था के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 में देश की स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूरे होने तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में आज के युवाओं की अहम भूमिका होगी। स्वामी विवेकानंद के संदेश ‘उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक मत रुको’ का उल्लेख करते हुए उन्होंने युवाओं से मेहनत और संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।