Breaking News
??

दीपावली-छठ पर यात्रियों की सुविधा के लिए यूपी परिवहन विभाग की विशेष तैयारी

– लखनऊ परिक्षेत्र से कुल 950 बसों का संचालन होगा
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। दीपावली और छठ पर्व के दौरान यात्रियों की भीड़ को देखते हुए उत्तर प्रदेश राज्य परिवहन निगम ने विशेष व्यवस्था की है। लखनऊ परिक्षेत्र से कुल 950 बसों का संचालन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त 105 बसों को रिजर्व रखा गया है, जिन्हें आवश्यकता पड़ने पर आपात स्थिति में सड़कों पर उतारा जाएगा।
परिवहन विभाग ने यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए 18 से 30 अक्टूबर तक कर्मचारियों की सभी छुट्टियां निरस्त कर दी हैं, ताकि बस संचालन सुचारू रूप से हो सके। पर्वों के दौरान लखनऊ से विभिन्न प्रमुख रूटों पर बसों की संख्या बढ़ाई जा रही है। इनमें लखनऊ से गोरखपुर, दिल्ली, बहराइच, गोंडा, बलरामपुर, कानपुर, आजमगढ़, देहरादून, वाराणसी और प्रयागराज के मार्ग प्रमुख हैं। इन रूटों पर यात्रियों की अधिक भीड़ को देखते हुए विशेष बसें चलाई जाएंगी। खास तौर पर लखनऊ-दिल्ली रूट पर सबसे अधिक 55 अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी, जिससे त्योहार पर घर जाने वाले यात्रियों को किसी तरह की असुविधा न हो।
परिवहन विभाग का कहना है कि दीपावली और छठ पर्व पर हर यात्री सुरक्षित, सुविधाजनक और समय पर अपने गंतव्य तक पहुंच सके। विभाग ने सभी डिपो को निर्देश दिए हैं कि बसों की फिटनेस, ड्राइवरों की ड्यूटी और यात्रियों की सुरक्षा के मानकों का सख्ती से पालन किया जाए।

Check Also

आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को उत्कृष्ट कार्य के लिए किया गया सम्मानित

– आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के लिए निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया वेब वार्ता (न्यूज़ …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES