Breaking News

रियल एस्टेट को बड़ा बूस्ट, पांच जिलों में 11 परियोजनाओं को मंजूरी; 2086 करोड़ का निवेश : संजय भूसरेड्डी, अध्यक्ष

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में रियल एस्टेट सेक्टर को बड़ी गति मिलने जा रही है। यूपी रेरा की 215वीं अथॉरिटी बैठक में प्रदेश के पांच जिलों में 11 नई रियल एस्टेट परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। इन परियोजनाओं में कुल 2,086.06 करोड़ रुपये के निवेश का अनुमान है। इनके तहत 1,873 आवासीय और व्यावसायिक इकाइयों का निर्माण किया जाएगा।
प्राधिकरण के अध्यक्ष संजय भूसरेड्डी की अध्यक्षता में हुई बैठक में गौतमबुद्ध नगर, लखनऊ, गाजियाबाद, बाराबंकी और मुरादाबाद की परियोजनाओं के प्रस्तावों की समीक्षा के बाद मंजूरी दी गई। निवेश के लिहाज से गौतमबुद्ध नगर सबसे आगे रहा। यहां दो आवासीय परियोजनाओं में करीब 1,800.36 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। इनसे 1,398 आवासीय इकाइयों का निर्माण होगा। यह कुल प्रस्तावित निवेश का करीब 86 प्रतिशत है।
वहीं परियोजनाओं की संख्या के मामले में लखनऊ सबसे आगे रहा। राजधानी में पांच परियोजनाओं को मंजूरी मिली है। इनमें दो आवासीय और तीन व्यावसायिक परियोजनाएं शामिल हैं। इन पर करीब 169.53 करोड़ रुपये का निवेश होगा और 198 इकाइयों का निर्माण प्रस्तावित है।
गाजियाबाद में दो आवासीय परियोजनाओं के लिए 106.84 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। यहां 211 आवासीय इकाइयां तैयार होंगी। बाराबंकी में एक आवासीय परियोजना को मंजूरी मिली है, जिसमें 5.78 करोड़ रुपये की लागत से 53 इकाइयां बनाई जाएंगी। मुरादाबाद में एक व्यावसायिक परियोजना पर 3.55 करोड़ रुपये के निवेश से 13 इकाइयां विकसित होंगी।
यूपी रेरा के मुताबिक इन परियोजनाओं से निर्माण सामग्री, परिवहन, इंजीनियरिंग और श्रम जैसे क्षेत्रों में भी आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी। इससे रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है। प्राधिकरण ने कहा कि परियोजनाओं में रेरा अधिनियम के प्रावधानों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा और तय समय-सीमा में काम पूरा कराने के लिए निगरानी की जाएगी। घर खरीदारों के हितों की सुरक्षा और रियल एस्टेट क्षेत्र में पारदर्शिता बनाए रखना प्राधिकरण की प्राथमिकता होगी।

Check Also

गोरखपुर-फैजाबाद एमएलसी चुनाव में भाजपा को झटका, डॉ. संजयन त्रिपाठी ने निर्दलीय उतरने का किया एलान

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार लखनऊ। गोरखपुर-फैजाबाद खंड स्नातक एमएलसी चुनाव से पहले भाजपा में …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES