वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2027 के प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों को लेकर आपत्ति दर्ज कराने का एक और मौका दिया गया है। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने लखनऊ मंडल के छह जिलों के प्रस्तावित केंद्रों और उनसे संबद्ध विद्यालयों के विद्यार्थियों की सूची 16 नवंबर को अपनी वेबसाइट पर अपलोड कर दी है। छात्र, अभिभावक और विद्यालय प्रबंधन 21 नवंबर तक जरूरी साक्ष्यों के साथ ऑनलाइन प्रत्यावेदन कर सकते हैं।
संयुक्त शिक्षा निदेशक डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि जनपदीय केंद्र निर्धारण समिति के अनुमोदन के बाद प्रस्तावित केंद्रों की सूची जारी की गई है। इसमें लखनऊ, हरदोई, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, रायबरेली और उन्नाव जिले के परीक्षा केंद्र शामिल हैं। विद्यालयों को आवंटित विद्यार्थियों की जानकारी भी सूची में उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित केंद्रों को लेकर किसी छात्र, अभिभावक, प्रधानाचार्य या विद्यालय प्रबंधक को आपत्ति है तो वह निर्धारित प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन प्रत्यावेदन कर सकता है। इसके लिए संबंधित विद्यालय की आईडी का इस्तेमाल करना होगा। आपत्ति के समर्थन में उचित कारण और जरूरी साक्ष्य भी अपलोड करने होंगे।
मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि परिषद की वेबसाइट www.upmsp.edu.in पर केंद्रों की सूची देखी जा सकती है। किसी विद्यालय को केंद्र आवंटन, दूरी अथवा अन्य व्यवस्थागत कारणों से आपत्ति है तो वह निर्धारित समय में अपना पक्ष रख सकता है। परिषद ने स्पष्ट किया है कि 21 नवंबर के बाद कोई प्रत्यावेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। इसके बाद प्राप्त आपत्तियों पर विचार नहीं होगा। इसलिए संबंधित विद्यालयों और विद्यार्थियों को समय रहते सूची की जांच कर आपत्ति दर्ज कराने की सलाह दी गई है।