वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर शनिवार को जन भवन के गांधी सभागार में विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा से आयोजित इस कार्यक्रम में जनजातीय समाज की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत की आकर्षक झलक देखने को मिली। इस दौरान महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनजातीय गौरव दिवस समारोह का सजीव प्रसारण भी किया गया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, वाराणसी के तत्वावधान में सुरभि शोध संस्थान की ओर से सामूहिक लोकगीत ‘आदिवासी जंगल रखवारे’ प्रस्तुत किया गया। इसके साथ ही थारू जनजाति के पारंपरिक लोकनृत्य ‘आदिवासी थारू हमारे धरती पूजा करायें’ ने दर्शकों को आकर्षित किया।
लखनऊ विश्वविद्यालय के तत्वावधान में युवराज दत्त स्नातकोत्तर महाविद्यालय, लखीमपुर खीरी के विद्यार्थियों ने थारू बोली में लोकगीत ‘बारि फुलवार कैसे भौरा फूला लोरी’ का सामूहिक गायन किया। विद्यार्थियों ने ‘हाई जल कैसे भारू रे’ लोकगीत पर आधारित नृत्य भी प्रस्तुत किया। वहीं, केन ग्रोअर्स नेहरू पीजी कॉलेज, गोला गोकर्णनाथ के विद्यार्थियों ने थारू लोकगीत ‘मुरली सुनाओ रे प्यारे’ का गायन किया।
कार्यक्रम में राज्यपाल के विशेष कार्याधिकारी डॉ. सुधीर महादेव बोबडे ने जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों और कलाकारों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि सभी ने प्रभावशाली कार्यक्रम प्रस्तुत किए हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से जन भवन का भ्रमण कर यहां विकसित आदर्श माध्यमिक विद्यालय, पंचतंत्र, गौशाला, बोनसाई गार्डन, फाउंटेन और मियावाकी वन जैसी नवाचारपरक व्यवस्थाओं को देखने और उनसे प्रेरणा लेने का आह्वान किया।