वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा राष्ट्र है और उत्तर प्रदेश की 56 से 60 प्रतिशत आबादी युवा है। युवाओं में संकल्प, जज्बा और कुछ नया करने की क्षमता होती है। प्रदेश सरकार उन्हें आधुनिक तकनीक से जोड़कर विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण में सहभागी बना रही है।
मुख्यमंत्री ने शनिवार को राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के दूसरे चरण का शुभारंभ किया। इस चरण में 25 लाख युवाओं को टैबलेट वितरित किए जाएंगे। कार्यक्रम में लखनऊ, हरदोई, सीतापुर और उन्नाव के 300 शैक्षणिक संस्थानों के 50 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं और प्रशिक्षणार्थियों को टैबलेट दिए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना की शुरुआत 25 दिसंबर 2021 को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर की गई थी। कोरोना महामारी के दौरान विद्यार्थियों की पढ़ाई और परीक्षाएं प्रभावित न हों, इसलिए दो करोड़ युवाओं को टैबलेट और स्मार्टफोन देने का संकल्प लिया गया था। योजना के पहले चरण में 60 लाख से अधिक विद्यार्थियों को उपकरण वितरित किए जा चुके हैं। अब दूसरे चरण में 25 लाख युवाओं को टैबलेट देने का अभियान शुरू हुआ है। उन्होंने बताया कि पहले चरण के लाभार्थियों पर आईआईएम लखनऊ से सर्वेक्षण कराया गया। इसके परिणाम उत्साहजनक रहे हैं। इससे साबित हुआ कि डिजिटल उपकरण शिक्षा के साथ रोजगार और उद्यमिता के अवसर भी बढ़ा रहे हैं।
योगी ने बताया कि इन्फोसिस के साथ हुए समझौते के तहत टैबलेट में 18 हजार से अधिक पाठ्यक्रमों की निःशुल्क अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई गई है। इसमें योग से लेकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डीप टेक तक के विषय शामिल हैं। युवा साथी ऐप पर छात्रवृत्ति, इंटर्नशिप और स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं की जानकारी भी मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से टैबलेट का उपयोग मनोरंजन के बजाय पढ़ाई, कौशल विकास, नवाचार और रोजगार के अवसर हासिल करने में करने की अपील की। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता ‘नन्दी’ मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय, इलेक्ट्रानिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री सुनील कुमार शर्मा, परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह, संसदीय कार्य तथा औद्योगिक विकास राज्यमंत्री श्री जसवंत सिंह सैनी, उच्च शिक्षा राज्यमंत्री श्रीमती रजनी तिवारी, विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा, राम चन्द्र प्रधान, उमेश द्विवेदी एवं लालजी प्रसाद निर्मल, लखनऊ की महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल, विधायक डॉ0 नीरज बोरा, जय देवी, अमरेश कुमार एवं योगेश शुक्ला सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।