– मुख्यमंत्री ने ‘योगी की पाती’ कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया।
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वनटांगिया समुदाय की 54 बस्तियों के हजारों परिवारों को आज नागरिक अधिकारों के साथ सम्मानजनक जीवन मिल रहा है। कभी जंगलों में उपेक्षा और अभाव में जीवन बिताने वाले इन परिवारों को अब आवास, बिजली, पानी और राशन जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हैं। वनटांगिया समुदाय के संघर्ष ने मुसहर, थारू, कोल और अन्य वंचित समुदायों के उत्थान का रास्ता भी खोला है।
मुख्यमंत्री ने सोमवार को अपने सरकारी आवास पर ‘योगी की पाती’ कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया। इसके साथ ही संवाद यात्रा पर आधारित प्रदर्शनी का वर्चुअल उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि ‘योगी की पाती’ सरकार और आमजन के बीच आत्मीय संवाद का माध्यम है। इसका उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी पहुंचाना है।
वनटांगिया समुदाय का संघर्ष याद करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि करीब 120 वर्ष पहले अंग्रेजों ने रेलवे लाइन बिछाने के लिए जंगलों की कटाई की थी। बाद में जंगलों को विकसित करने के लिए इन परिवारों को वहां बसाया गया। उनसे पेड़ लगाने और जंगलों की रक्षा करने के बदले जमीन देने का वादा किया गया था। लेकिन आजादी के बाद भी कई पीढ़ियां नागरिक अधिकारों और बुनियादी सुविधाओं से वंचित रहीं।
योगी ने बताया कि वर्ष 2005-06 में महाराजगंज में वनटांगिया परिवारों को प्रदर्शन करते देखकर उन्होंने उनकी समस्याएं समझीं और उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ने का संकल्प लिया। मुख्यमंत्री बनने के बाद इन परिवारों को अधिकार दिलाने का काम प्राथमिकता से किया गया।