Breaking News

कानपुर से दिल्ली के लिए शुरू हुई नई एक्सप्रेस, 16 किमी एलिवेटेड ट्रैक से जाम से मिलेगी मुक्ति

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
कानपुर। कानपुर से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को अब एक और ट्रेन की सुविधा मिलेगी। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी ने कानपुर सेंट्रल से आनंद विहार टर्मिनल के बीच नई कानपुर एक्सप्रेस की उद्घाटन यात्रा को हरी झंडी दिखाई। यह ट्रेन दोनों दिशाओं में संचालित होगी। इससे कानपुर और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के बीच रेल संपर्क मजबूत होगा। कार्यक्रम में महापौर प्रमिला पांडेय और अकबरपुर के सांसद देवेंद्र सिंह भोले भी मौजूद रहे।
428 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली इस ट्रेन में 22 आधुनिक एलएचबी कोच लगाए गए हैं। इसके संचालन से कारोबारियों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और आम यात्रियों को दिल्ली आने-जाने का अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। ट्रेन फफूंद, इटावा, टूंडला, हाथरस, अलीगढ़, खुर्जा, दादरी और गाजियाबाद जैसे प्रमुख औद्योगिक एवं व्यावसायिक क्षेत्रों को जोड़ेगी। इससे औरैया के औद्योगिक क्षेत्र, इटावा के कृषि कारोबार और फिरोजाबाद के कांच उद्योग को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि कानपुर में अनवरगंज से मंधना के बीच 16 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का निर्माण शहर की दशकों पुरानी यातायात समस्या का स्थायी समाधान करेगा। इसकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार हो चुकी है और आवश्यक स्वीकृतियां भी मिल गई हैं। जल्द निर्माण शुरू होने की उम्मीद है। उन्होंने प्रस्तावित बुलेट ट्रेन के उत्तरी कॉरिडोर का भी जिक्र किया। इसके तहत दिल्ली, आगरा, कानपुर, वाराणसी, लखनऊ और अयोध्या को जोड़ने की योजना है। बुलेट ट्रेन शुरू होने पर दिल्ली से कानपुर की दूरी करीब एक घंटा 45 मिनट में तय हो सकेगी।
सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि कानपुर का खोया गौरव लौटाने का संकल्प अब धरातल पर उतर रहा है। कानपुर सेंट्रल स्टेशन का पुनर्विकास भी तेजी से किया जा रहा है। नई ट्रेन सेवा शहर के विकास और बेहतर रेल सुविधाओं की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

Check Also

विधायी निकायों की कार्यप्रणाली एकरूप बनाने पर मंथन, बैठक में शामिल हुए सतीश महाना

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने नई दिल्ली …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *