Breaking News

शिक्षक आधुनिक शिक्षा से जोड़ रहे प्रदेश की गौरवशाली ज्ञान परंपरा : योगी

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। शिक्षक दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के सभी शिक्षकों और गुरुजनों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने शनिवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर सेल्फी वीडियो साझा कर उत्तर प्रदेश की प्राचीन ज्ञान परंपरा को याद किया और कहा कि शिक्षक इस गौरवशाली विरासत को आधुनिक शिक्षा, तकनीक और नवाचार से जोड़कर नई पीढ़ी का भविष्य गढ़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की विशिष्ट ज्ञान परंपरा को आधुनिक स्वरूप में नई पीढ़ी तक पहुंचाने वाले सभी गुरुजनों और शिक्षकों को शिक्षक दिवस की हार्दिक बधाई। उत्तर प्रदेश प्राचीन काल से ही ज्ञान, साधना और संस्कारों की पावन भूमि रहा है। काशी ने विश्व को ज्ञान का प्रकाश दिया, जबकि सारनाथ में भगवान बुद्ध ने अपना प्रथम उपदेश दिया। अयोध्या, मथुरा-वृंदावन और प्रयागराज भी सनातन ज्ञान परंपरा के प्रमुख केंद्र रहे हैं।
सीएम योगी ने शुकतीर्थ और नैमिषारण्य की ऐतिहासिक ज्ञान परंपरा का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि करीब पांच हजार वर्ष पूर्व शुकतीर्थ में महर्षि शुकदेव जी ने श्रीमद्भागवत का प्रथम वाचन किया था। वहीं नैमिषारण्य में 88 हजार ऋषियों की साधना ने भारतीय ज्ञान परंपरा को समृद्ध किया। इसी पावन भूमि से आयुर्वेद, अध्यात्म, दर्शन और भारतीय ज्ञान-विज्ञान की महान परंपराओं का विकास हुआ।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रदेश के शिक्षक इसी समृद्ध विरासत को आधुनिक शिक्षा व्यवस्था से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं। तकनीक और नवाचार के माध्यम से वे विद्यार्थियों को ज्ञान के साथ संस्कार और नई संभावनाओं से परिचित करा रहे हैं। उन्होंने प्रदेश के सभी शिक्षकों का अभिनंदन करते हुए उनके उज्ज्वल और मंगलमय भविष्य की कामना की।

Check Also

अखिलेश का आरोप-श्रद्धा मामले की निष्पक्ष जांच हुई तो सामने आएंगे बड़े चेहरे

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *