Breaking News

दीपोत्सव-2026 में रंगों और रील्स से दुनिया देखेगी नई अयोध्या की भव्य तस्वीर

– दो नवंबर तक जमा होंगी चित्रकला और रील मेकिंग प्रतियोगिताओं की प्रविष्टियां, मुख्यमंत्री की उपस्थिति में विजेताओं का होगा सम्मान
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। दीपोत्सव-2026 में अयोध्या की सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक वैभव और विकास की नई तस्वीर को रंगों और रील्स के माध्यम से देश-दुनिया तक पहुंचाया जाएगा। इसके लिए उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग की ओर से चित्रकला और रील मेकिंग प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इनमें सभी आयु वर्ग के प्रतिभागी अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे। प्रविष्टियां जमा करने की अंतिम तिथि दो नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। प्रतियोगिता के विजेताओं को दीपोत्सव के दौरान अयोध्या में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में सम्मानित किया जाएगा।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अयोध्या आस्था, संस्कृति और गौरवशाली विरासत के प्रमुख केंद्र के रूप में नई पहचान बना रही है। चित्रकला और रील मेकिंग प्रतियोगिताओं के माध्यम से प्रतिभागियों को विकास भी, विरासत भी की अवधारणा को रचनात्मक अभिव्यक्ति देने का अवसर मिलेगा। रंगों और रील्स के जरिए नई अयोध्या की भव्य तस्वीर दुनिया के सामने आएगी।
चित्रकला प्रतियोगिता की थीम कला के माध्यम से अयोध्या का उत्सव रखी गई है। इसमें प्रतिभागियों को जलरंग से मौलिक चित्र बनाकर रामनगरी की सांस्कृतिक परंपराओं, ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों, विकास कार्यों और दीपोत्सव की भव्यता को दर्शाना होगा। नकल की गई या एआइ से तैयार कलाकृतियां स्वीकार नहीं की जाएंगी। वहीं, रील मेकिंग प्रतियोगिता की थीम नए रूप में अयोध्या है। इसमें 30 से 60 सेकंड की मौलिक वीडियो रील बनानी होगी। प्रतिभागियों को कॉपीराइट मुक्त सामग्री का इस्तेमाल करना होगा। भ्रामक, आपत्तिजनक और विषय से हटकर प्रस्तुतियां स्वीकार नहीं होंगी।
अपर मुख्य सचिव पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग अमृत अभिजात ने कहा कि इन प्रतियोगिताओं से नई पीढ़ी को सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने और अयोध्या की गौरवशाली परंपराओं को वैश्विक पहचान दिलाने में मदद मिलेगी। इच्छुक प्रतिभागी निर्धारित ऑनलाइन लिंक के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।

Check Also

सुविधाएं बढ़ीं तो देवी धामों में उमड़ा आस्था का सैलाब, नवरात्र में श्रद्धालुओं की संख्या ने बनाया नया रिकॉर्ड

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार लखनऊ। उत्तर प्रदेश में देवी मंदिरों के विकास और श्रद्धालुओं …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *