वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
सीतापुर। सीतापुर जिले की मिश्रिख विधानसभा क्षेत्र में बहुजन समाज पार्टी ने अपनी राजनीतिक तैयारियों को तेज कर दिया है। पार्टी की मिश्रिख प्रत्याशी अभिलाषा वर्मा के समर्थन में आयोजित सेक्टर और बूथ कमेटियों की बैठक में बसपा प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल शामिल हुए। मंच पर पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने उनका फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया। बैठक में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अपने संबोधन में विश्वनाथ पाल ने प्रदेश सरकार पर महंगाई बढ़ाने और सीतापुर में अपराध पर रोक न लगाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जनता की मूलभूत समस्याओं से सरकार का ध्यान नहीं है, जिससे आम परिवारों की मुश्किलें बढ़ रही हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने और पार्टी की नीतियों को घर-घर पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने अभिलाषा वर्मा को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की।
इस अवसर पर विश्वनाथ पाल ने समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के उस बयान पर भी पलटवार किया, जिसमें बसपा को भाजपा की बी टीम बताया गया था। उन्होंने इस आरोप को खारिज करते हुए अपर्णा यादव का भाजपा में शामिल होने का जिक्र किया और कहा कि बसपा किसी दल की सहायक नहीं, बल्कि बहुजनों, पिछड़ों और सभी वंचित वर्गों के अधिकारों की राजनीति करती है। उल्लेखनीय है कि अखिलेश यादव ने पहले भी बसपा पर भाजपा के साथ सांठगांठ का आरोप लगाया था, जिसका बसपा ने कड़ा विरोध किया था।
बताये चलें कि मिश्रिख से बसपा ने 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए अभिलाषा वर्मा को प्रत्याशी घोषित किया है। इस जनसभा को पार्टी की ओर से संगठनात्मक ताकत और चुनावी तैयारी का संदेश माना जा रहा है।