Breaking News

पीएनबी के राजभाषा समारोह में हिंदी का सम्मान, विजेताओं को मिली लाला लाजपत राय शील्ड

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
नई दिल्ली। पंजाब नैशनल बैंक (पीएनबी) के द्वारका स्थित प्रधान कार्यालय में हिंदी माह के उपलक्ष्य में राजभाषा समारोह सह कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस दौरान लाला लाजपत राय राजभाषा शील्ड योजना के तहत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विभागों और अंचल कार्यालयों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग और राजभाषा के प्रभावी कार्यान्वयन पर जोर दिया।
समारोह का शुभारंभ बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी अशोक चंद्र, कार्यपालक निदेशक अमित कुमार श्रीवास्तव और मुख्य सतर्कता अधिकारी राघवेन्द्र कुमार समेत वरिष्ठ अधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद विजेता विभागों और अंचल कार्यालयों को शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर बैंक की गृह पत्रिका ‘पीएनबी प्रतिभा’, ‘राजभाषा चित्रकथा’ और ‘डिजिटल लाइब्रेरी’ का लोकार्पण भी किया गया। प्रख्यात कवि डॉ. प्रवीण शुक्ल और कवयित्री पद्मिनी शर्मा ने अपनी काव्य प्रस्तुतियों से समारोह में समां बांधा। उनकी प्रस्तुतियों ने हिंदी साहित्य और काव्य की विविधता को मंच पर जीवंत किया।
प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी अशोक चंद्र ने छठे अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन में बैंक की गृह पत्रिका ‘पीएनबी प्रतिभा’ और दिल्ली बैंक नराकास को राजभाषा कीर्ति के प्रथम पुरस्कार मिलने पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने सभी कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि बैंक राजभाषा के कार्यान्वयन के लिए प्रतिबद्ध है। ग्राहकों को हिंदी और क्षेत्रीय भाषाओं में डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
मुख्य महाप्रबंधक विशेष कुमार श्रीवास्तव ने स्वागत संबोधन दिया। कार्यपालक निदेशक अमित कुमार श्रीवास्तव ने कर्मचारियों को हिंदी में कामकाज बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। सहायक महाप्रबंधक डॉ. अनिल कुमार शर्मा ने बैंक की राजभाषा संबंधी उपलब्धियों की जानकारी दी।

Check Also

कारोबारी की संदिग्ध मौत में मॉडल श्रद्धा दुबे समेत तीन नागपुर से लखनऊ लाए गए

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार लखनऊ। कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *