वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
सिद्धार्थनगर। बांसी कोतवाली पुलिस ने तेलौरा बाजार में कार्रवाई करते हुए एक युवक को 238 शीशी कोडीनयुक्त कफ सिरप और 500 प्रतिबंधित नशीली टैबलेट के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद उसे जेल भेज दिया।
कोतवाली प्रभारी महेंद्र प्रताप चतुर्वेदी के मुताबिक, मंगलवार को उपनिरीक्षक राम प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ दुर्गा प्रतिमा विसर्जन ड्यूटी के लिए तेलौरा बाजार में मौजूद थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि तेलौरा के पास एक मकान में युवक नशीली दवाओं के साथ मौजूद है। वह रोहुआ रोड स्थित एक ट्रैवल एजेंसी से कहीं जाने की फिराक में है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ट्रैवल एजेंसी के पास पहुंची। वहां मकान के नजदीक एक युवक बैग और बोरा लेकर खड़ा दिखाई दिया। उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान पिपरा नानकार निवासी सूर्यप्रकाश यादव के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के पास मौजूद बैग और बोरे की तलाशी लेने पर 238 शीशी कोडीनयुक्त कफ सिरप बरामद हुआ। इसके अलावा दो डिब्बों में रखी 500 प्रतिबंधित नशीली टैबलेट भी मिलीं। बरामदगी के बाद पुलिस आरोपी को कोतवाली ले गई।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि बरामद दवाओं के संबंध में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे जेल भेज दिया। मामले में बरामद दवाओं की प्रकृति और उनके स्रोत से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।