– स्वर्णकार समाज के अग्रणी संगठन राष्ट्रीय स्वर्णकार मंच (R.S.M.) के महासचिव अजय कुमार स्वर्णकार ने संगठन की तरफ से नन्हीं प्रतिभा प्रवी सोनी को आशीर्वाद देते हुए ईश्वर से उसके उज्जवल भविष्य की प्रार्थना की है।
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
प्रतापगढ़। जनपद के मंगरौरा बाजार स्थित सीएस पब्लिक मेमोरियल स्कूल की छात्रा प्रवी सोनी ने कक्षा एक में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपने परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। प्रवी, भाजपा नेता एवं युवा समाजसेवी प्रदीप सोनी की पुत्री हैं। उनकी इस उपलब्धि से परिवार में हर्ष का माहौल है और क्षेत्र में भी गर्व की भावना देखी जा रही है।
प्रवी की सफलता की खबर मिलते ही उनके घर बधाई देने वालों का तांता लग गया। क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, शिक्षक, रिश्तेदार और मित्र लगातार पहुंचकर उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं। सभी ने प्रवी की मेहनत, लगन और अनुशासन की सराहना करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय के शिक्षकों ने भी प्रवी की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह सफलता उसकी नियमित पढ़ाई, एकाग्रता और अनुशासित दिनचर्या का परिणाम है। शिक्षकों के अनुसार, प्रवी शुरू से ही पढ़ाई में रुचि लेने वाली छात्रा रही है और कक्षा में हमेशा सक्रिय रहती है।
प्रवी के पिता प्रदीप सोनी ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बेटी की इस उपलब्धि से उन्हें गर्व महसूस हो रहा है। उन्होंने कहा कि वे अपनी बेटी को आगे भी बेहतर शिक्षा और मार्गदर्शन देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। प्रवी की यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा बनी है। विद्यालय प्रबंधन ने उम्मीद जताई कि वह भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और जिले का नाम रोशन करेगी।