Breaking News

लखनऊ में मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन, राजनीतिक दलों को सौंपी गईं प्रतियां

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत मंगलवार को लखनऊ में मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन कर दिया गया। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर अर्हता तिथि एक जनवरी 2027 के आधार पर जिले के सभी 1569 मतदान केंद्रों के 3756 मतदेय स्थलों पर मतदाता सूची प्रकाशित की गई।
इस संबंध में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विशाख जी की अध्यक्षता में मंगलवार को सुबह 10 बजे कांशीराम जी ग्रीन इको गार्डेन, गीतापल्ली स्थित जिला निर्वाचन कार्यालय में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक हुई। इसमें विभिन्न दलों के पदाधिकारियों को आलेख्य निर्वाचक नामावली की प्रतियां उपलब्ध कराई गईं। इसके साथ ही अप्रैल, जुलाई और अक्टूबर 2026 की पूरक सूचियों तथा एक से 31 अक्टूबर 2026 तक तैयार की गई पूरक सूची भी सौंपी गई। बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया के तहत राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को आवश्यक जानकारियां उपलब्ध कराईं। आलेख्य सूची के प्रकाशन के साथ ही मतदाताओं को अपने नाम और विवरण की जांच करने का अवसर मिलेगा। सूची में नाम, पता या अन्य विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुधार कराया जा सकेगा।
बैठक में आम आदमी पार्टी के ज्ञान सिंह कुशवाहा, बहुजन समाज पार्टी के सीपी सिंह, माकपा के जेबी यादव, कांग्रेस के जिला अध्यक्ष रुद्रदमन सिंह, इशरत अली, भाजपा के अरविंद यादव, समाजवादी पार्टी के टीबी सिंह और कलीम उर रहमान तथा अपना दल (एस) के डॉ. सुरेंद्र पांडेय मौजूद रहे।

Check Also

आरएमएलआईएमएस में एआई से आसान होंगे इलाज और अस्पताल के कामकाज

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार लखनऊ। डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान (आरएमएलआईएमएस) में स्वास्थ्य …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *