Breaking News

नकली वोट जोड़ने की साजिश बर्दाश्त नहीं, भ्रष्ट अधिकारियों का अगला पड़ाव जेल होगा: अखिलेश

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मतदाता सूची में फॉर्म छह के जरिए होने वाली संभावित धांधली को लेकर भाजपा और प्रशासनिक अमले पर तीखा हमला बोला है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक लंबी पोस्ट साझा करते हुए उन्होंने भ्रष्ट अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी और कहा कि किसी भी गड़बड़ी के लिए जनता भाजपाइयों तथा दोषी अफसरों को छठी का दूध याद दिला देगी।
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में अपनी हार सामने देखकर भाजपा और उसके सहयोगी एक विशेष खुफिया मुहिम चला रहे हैं। इसके तहत अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत या दोहरे नामों के जरिए नकली वोट जोड़ने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बूथ से लेकर निर्वाचन आयोग तक सपा के बूथ प्रभारी, पीडीए प्रहरी, घोषित व संभावित प्रत्याशी तथा संगठन के तमाम पदाधिकारी हर नए वोट पर पैनी नजर रखेंगे। इसके अतिरिक्त आम नागरिकों को भी अपने पड़ोस में जुड़ने वाले नए नामों की निगरानी के लिए तैयार किया गया है।
सपा प्रमुख ने दो टूक कहा कि यदि रत्ती भर भी बेईमानी हुई तो नकली वोट नहीं जुड़ने दिया जाएगा। यदि कोई नाम गलत तरीके से जुड़ भी गया, तो सबूतों के साथ संबंधित अधिकारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराकर उसे नौकरी से बर्खास्त कराया जाएगा और उसकी पेंशन व फंड भी रुकवाए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को आगाह करते हुए कहा कि मुकदमा चलने पर कोई भाजपाई उन्हें बचाने नहीं आएगा और कानून उनकी नाजायज संपत्ति भी जब्त कर लेगा। अंत में उन्होंने चेताया कि न कोई बेईमान बचेगा और न ही किसी बेईमान को छोड़ा जाएगा।

Check Also

यूपी बोर्ड परीक्षा केंद्रों पर आपत्ति का एक और मौका, 21 नवंबर तक करें आवेदन

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार लखनऊ। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2027 के …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *