Breaking News

मलेरिया के खिलाफ भारत की बड़ी कामयाबी, 10 साल में 80 फीसदी घटे मामले

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। भारत में मलेरिया के खिलाफ पांच दशक से जारी वैज्ञानिक अनुसंधान और प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। देश में वर्ष 2015 से 2025 के बीच मलेरिया के मामलों और इससे होने वाली मौतों में करीब 80 फीसदी की कमी आई है। वहीं, मलेरिया के अधिक बोझ वाले जिलों की संख्या 155 से घटकर 33 रह गई है। अब भारत ने 2027 तक देश में मलेरिया के स्थानीय संक्रमण को शून्य करने और 2030 तक इस बीमारी के पूर्ण उन्मूलन का लक्ष्य रखा है।
भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के महानिदेशक डॉ. राजीव बहल और आईसीएमआर-राष्ट्रीय मलेरिया अनुसंधान संस्थान (एनआईएमआर) के निदेशक डॉ. अनूप अनविकर ने संस्थान की 50वीं वर्षगांठ पर मलेरिया उन्मूलन की यात्रा और भविष्य की चुनौतियों पर प्रकाश डाला। वर्ष 2026 में संस्थान अपनी स्थापना के 50 वर्ष पूरे कर रहा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 1958 में राष्ट्रीय मलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम शुरू किया गया था। डीडीटी के छिड़काव और क्लोरोक्विन के इस्तेमाल से 1965 तक मलेरिया के मामले घटकर करीब एक लाख रह गए थे। हालांकि, मच्छरों में कीटनाशकों के प्रति प्रतिरोधक क्षमता और परजीवियों में दवाओं के प्रति प्रतिरोध विकसित होने से वर्ष 1976 तक मामले बढ़कर 64 लाख हो गए। इसके बाद 1977 में आईसीएमआर के तहत मलेरिया अनुसंधान केंद्र की स्थापना की गई, जिसे बाद में राष्ट्रीय संस्थान का दर्जा मिला।
संस्थान ने मलेरिया फैलाने वाले एनोफिलीज मच्छरों की प्रजातियों, उनके व्यवहार और कीटनाशक प्रतिरोध पर व्यापक अनुसंधान किया। इसके शोध के आधार पर मच्छरदानियों, रैपिड टेस्ट और आर्टेमिसिनिन आधारित उपचार को बढ़ावा मिला। ओडिशा में चलाए गए व्यापक केस मैनेजमेंट प्रोजेक्ट से भी दूरदराज के क्षेत्रों में बीमारी नियंत्रित करने में मदद मिली।
वैज्ञानिकों के मुताबिक मलेरिया उन्मूलन की अंतिम चुनौती अब भी कठिन है। जलवायु परिवर्तन, मच्छरों में बढ़ता प्रतिरोध और छिपे संक्रमण बड़ी चुनौती हैं। इसके लिए बेहतर जांच, नई मच्छरदानियां, जैविक नियंत्रण और आधुनिक तकनीक आधारित निगरानी को मजबूत करना होगा।

Check Also

कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने की छठ पूजा, प्रदेश की खुशहाली की कामना

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार लखनऊ। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने लोक आस्था और …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *